रोहतास के लाल आकाशदीप की टीम इंडिया में वापसी, जिले में जश्न का माहौल
न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम में तेज गेंदबाज आकाशदीप के वापसी से रोहतास जिले में खुशी का माहौल है।

भारतीय क्रिकेटर आकाशदीप। (फाइल फोटो)
HighLights
आकाशदीप का न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में चयन।
रोहतास जिले के बड्डी गांव में खुशी और गर्व का माहौल।
घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन से टीम इंडिया में वापसी।
जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम में जिले के बड्डी गांव के मूल निवासी व तेज गेंदबाज आकाशदीप के चयन की खबर आते ही पूरे रोहतास जिले में खुशी का माहौल बन गया है।
जिले के खेल प्रेमियों व स्थानीय नागरिकों ने इसे गौरवपूर्ण क्षण बताया है। आकाशदीप को भारतीय टीम में दोबारा मौका मिलने पर जिले के कई गणमान्य लोगों और खेल प्रेमियों ने प्रसन्नता जाहिर की है।
जिला खेल पदाधिकारी विजय कुमार पंडित सहित कई खेल प्रेमियों ने उनके चयन पर बधाई दी और आगामी सीरीज में उनके शानदार प्रदर्शन की कामना की।
गौरतलब है कि एक छोटे से गांव से निकलकर भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य तेज गेंदबाजों की कतार में खड़े होने तक का आकाशदीप का सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है।
उन्होंने अपने जीवन में कई उतार-चढ़ाव और व्यक्तिगत त्रासदियों का सामना किया, लेकिन कभी हार नहीं मानी। हाल ही में घरेलू क्रिकेट के ईरानी कप व रणजी ट्रॉफी में अपनी धारदार गेंदबाजी के दम पर उन्होंने सिलेक्टर्स का ध्यान अपनी ओर खींचा और टीम इंडिया में अपनी जगह पक्की की।
आकाशदीप के इस चयन से स्थानीय क्रिकेट अकादमियों में प्रशिक्षण ले रहे युवा खिलाड़ियों व बच्चों में जबरदस्त उत्साह है। उभरते हुए खिलाड़ियों का कहना है कि आकाशदीप की यह सफलता उन्हें भी कड़ी मेहनत करने और देश के लिए खेलने की प्रेरणा देती है।
उम्मीद है कि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अपनी रफ्तार और स्विंग गेंदबाजी से भारतीय टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आकाशदीप शनिवार को भारतीय टीम के साथ न्यूजीलैंड दौरे के लिए रवाना हो चुके हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।