Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुर्गे के खून से रचा खुद की 'हत्या' का नाटक, फिर प्रेमी संग हुई फरार; महाराष्ट्र से बरामद हुई बिहार की किशोरी

    Updated: Fri, 22 May 2026 05:08 PM (IST)

    एक किशोरी ने मुर्गे के खून से पैरों के निशान बनाकर अपनी हत्या का स्वांग रचा और प्रेमी संग फरार हो गई। ...और पढ़ें

    पुलिस ने दी जानकारी। (जागरण)

    पुलिस ने दी जानकारी। (जागरण)

    HighLights

    1. किशोरी ने मुर्गे के खून से हत्या का स्वांग रचा।

    2. प्रेमी संग महाराष्ट्र के भिवंडी से बरामद हुई।

    3. पांच साल से प्रेम संबंध में थे, भागकर शादी की योजना।

    संवाद सहयोगी, डेहरी आनसोन (रोहतास)। घर में मुर्गे के खून से पैरों के निशान बनाकर खुद की हत्या का स्वांग रचने वाली किशोरी को पुलिस ने उसके प्रेमी संग बरामद कर लिया है।

    इंद्रपुरी थानाध्यक्ष प्रियंका कुमारी गुप्ता ने गुप्त सूचना और आधुनिक तकनीकी अनुसंधान के आधार पर किशोरी को महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी शहर से बरामद किया।

    साथ ही, अपहरण के आरोपित मयंक कुमार, निवासी- बांका, थाना- अकोढ़ीगोला को भी गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को इंद्रपुरी थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अतुलेश झा ने मामले का खुलासा किया।

    उन्होंने बताया कि बीते 30 अप्रैल की रात करीब डेढ़ बजे बडीहा गांव से एक किशोरी रहस्यमय ढंग से गायब हो गई थी। खोजबीन के दौरान स्वजनों को घर के दूसरे हिस्से में चापाकल के पास खून के धब्बे और पैरों के निशान मिले थे।

    इसके बाद पीड़ित पिता ने अनहोनी की आशंका जताते हुए थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने जब वैज्ञानिक और तकनीकी तरीके से जांच शुरू की, तो परतें खुलती चली गईं।

    भिवंडी में गाड़ी चलाता है आरोपित

    पकड़ा गया आरोपित मयंक कुमार भिवंडी शहर में गाड़ी चलाने का काम करता है। वह पिछले पांच वर्षों से फोन पर किशोरी के संपर्क में था। पुलिस को गुमराह करने और हत्या का रूप देने के लिए दोनों ने साजिश के तहत घर में मुर्गे का खून फैलाया था और फिर फरार हो गए थे। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

    मुर्गा काटकर हाथ-पैर में लगा लिया खून

    जानकारी के अनुसार प्रेमी के कहने पर जिंदा मुर्गा काटकर उसका रक्त अपने हाथों और पैरों में लगाकर किशोरी घर से बाहर निकली ताकि रक्त के निशान देख घर वाले हत्या की आशंका से खोजबीन बंद कर दें।

    घटना के दिन स्वयं एएसपी घटनास्थल पर एफएसएल टीम, स्वान दस्ता व तकनीकी सहायता के लिए डीआईयू टीम के साथ पहुंचे थे। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डिहरी एक के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।

    भागकर शादी करने की थी योजना

    अनुसंधान में पता चला कि आरोपित का रहने का स्थान महाराष्ट्र के ठाणे जिला के भिवंडी शहर में है। 13 मई को नाबालिग अपहृता को आरोपित मयंक के साथ बरामद करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय भिवंडी से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करते हुए इंद्रपुरी थाना लाया गया।

    खबरें और भी

    पूछताछ में पता चला कि दोनों करीब पांच साल से प्रेम करते हैं। 25 अप्रैल को दोनों ने भागकर शादी करने की योजना बनाई थी।

    यह भी पढ़ें- सुपौल में शराब तस्करों की कार ने JDU नेता को कुचला, अस्पताल में मौत; 2 आरोपी गिरफ्तार

    यह भी पढ़ें- गया में हाईवा के तहखाने से 2.10 क्विंटल गांजा बरामद, 2 ड्राइवर गिरफ्तार