विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोहतास के किसानों के लिए खुशखबरी, खेत की मेड़ पर अरहर उगाने पर मुफ्त बीज के साथ मिलेंगे 1000 रुपये

Published: Tue, 28 Jul 2026 03:50 PM (IST)

डेहरी प्रखंड के किसानों को खेत की मेड़ों पर अरहर की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे उन्हें अतिरिक्त आय होगी।

News Article Hero Image

HighLights

  1. डेहरी प्रखंड में मेड़ों पर अरहर की खेती को प्रोत्साहन।

  2. किसानों को मुफ्त बीज और एक हजार रुपये मिलेंगे।

  3. अतिरिक्त आय, भूमि का बेहतर उपयोग, मिट्टी उर्वरता।

संवाद सहयोगी, डेहरी आन सोन (रोहतास)। शारदीय खरीफ 2026 के तहत राष्ट्रीय कृषि विकास योजना अंतर्गत डेहरी प्रखंड के किसानों को धान के खेतों की मेड़ों पर अरहर की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस योजना के तहत खेत की खाली पड़ी मेड़ों का उपयोग कर किसान बिना अतिरिक्त भूमि के अतिरिक्त आय अर्जित कर सकेंगे।

प्रखंड कृषि पदाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि डेहरी प्रखंड को 236 इकाई का लक्ष्य मिला है। एक इकाई में किसान को 240 से 625 मीटर तक खेत की मेड़ पर अरहर की बुआई करनी होगी। वर्तमान में 200 इकाइयों के लिए 2 क्विंटल बीज प्राप्त हुआ है तथा प्रत्येक किसान को 1 किलोग्राम अरहर बीज निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

मेड़ पर अरहर लगाने वाले किसानों को मिलेंगे एक हजार

बताया कि मेड़ पर अरहर लगाने वाले किसानों की फसल का सत्यापन कृषि समन्वयक द्वारा कृषि मैपर ऐप के माध्यम से किया जाएगा। जांच के बाद पात्र किसानों के बैंक खाते में बिहार सरकार के कृषि विभाग द्वारा एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी। 

साथ ही मेड़ों पर अरहर की खेती करने से किसानों को अतिरिक्त दलहन उत्पादन के साथ आय बढ़ाने का अवसर मिलेगा। साथ ही खेत की मेड़ों का बेहतर उपयोग होगा और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। 

विभाग ने किसानों से योजना का लाभ उठाने के लिए अपने संबंधित कृषि समन्वयक या किसान सलाहकार से संपर्क करने की अपील की है। मौके पर अनिरुद्ध सिंह, ललिता देवी, विंध्याचल सिंह, जितेंद्र कुमार सिंह, नोडल कृषि समन्वयक उपेंद्र तिवारी, सुनील कुमार सिंह, अमित कुमार, किसान सलाहकार सविता कुमारी, कृषि सखी अंजू देवी, संध्या देवी सहीत कार्यपालक सहायक उपेन्द्र कुमार शामिल थे।