रोहतास में फेल साबित हुई सिंचाई योजनाएं, करोड़ों खर्च के बाद भी बंद पड़े हैं नलकूप
रोहतास और नौहट्टा प्रखंड में उदवह सिंचाई योजना और नलकूप विफल होने से धान की रोपनी शुरू नहीं हो पाई है, जिससे किसान परेशान हैं। ...और पढ़ें

करोड़ों खर्च के बाद भी बंद पड़े हैं नलकूप
HighLights
रोहतास-नौहट्टा में सिंचाई योजनाएं और नलकूप हुए विफल।
धान की रोपनी नहीं होने से किसान हुए चिंतित।
करोड़ों खर्च के बाद भी खेत सूखे, अधिकारी दे रहे आश्वासन।
संवाद सहयोगी, डेहरी आन सोन (रोहतास)। नहर सुविधा से वंचित रोहतास व नौहट्टा प्रखंड में खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए सरकार द्वारा शुरू की गई उदवह सिंचाई योजना से लेकर नलकूप तक कारगर साबित नहीं हो पाया है। जिससे दोनों प्रखंडों में अब तक धान की रोपनी शुरू नहीं हो पाई है। किसान आसमान की ओर निहारने को विवश हैं।
किसानों का कहना है कि दोनों प्रखंडों में खेती की व्यवस्था वर्षा व बिजली पर आधारित है। उदवह सिंचाई के तहत सोन नदी के तट से पाइप किसानों के खेत तक बिछाई गई । इसके बाद बिजली संचालित मोटर चालू कर भूमि सिंचित की जानी थी।
इससे पांच हजार हेक्टेयर भूमि को उपजाऊ बनाने की योजना थी। इसके तहत कुछ कार्य भी हुए लेकिन अधिकारियों द्वारा अनुश्रवण व इच्छाशक्ति की कमी से यह योजना मूर्त रूप नहीं ले सकी।
इन गांवों में पटवन के लिए की गई डीप बोरिंग
नौहट्टा प्रखंड के दारानगर, भदारा, सिंहपुर, बलतुआ, बांदु, अमरखा, नवारा, भवनाथपुर, इमलिया टिकर, नौहट्टा, तिउरा, पडरिया, तीयरा खुर्द, बनाही, तिलोखर,पंडुका व रोहतास प्रखंड के जमुआ,मझिगावां,नवाडीह, समहुता,बकनौरा, रसूलपुर,नारायण चक, ढेलाबाद,तुम्बा व अन्य
इस क्षेत्र की कृषि व्यवस्था प्रकृति कृपा और विद्युत पर आधारित है।जिसे लेकर उदवह सिंचाई योजना शुरू हुई। पर इस योजना से खेतों तक पानी नहीं पहुंच पाया है। पानी के अभाव में रोपनी पूर्णतः प्रभावित है। - कृष्णा मेहता, किसान बेलौंजा
उदवह सिंचाई योजना का कार्य अबतक अबतक अधर में है। सिंचाई व्यवस्था नहीं मिलने के कारण धान की रोपनी अभी गांव में शुरू नहीं हो पाई है। जबकि यह क्षेत्र कृषि आधारित है। - राकेश मिश्र, तियरा कला
सिंचाई के अभाव में रोपनी कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। जबकि सिचाई व्यवस्था के लिए नलकूप देख रेख के अभाव में बंद पड़ा है।अबतक इससे एक बूंद पानी पटवन के लिए नहीं मिल पाया है। - विजय प्रताप सिंह, खैरवा खुर्द
बंद पड़े नलकूपों की सूची भेजी गई है। नलकूप को चालू कर किसानों को सिंचाई की व्यवस्था कराई जाएगी। उदवह सिंचाई योजना पर भी वरीय अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया जा रहा है। - अरविंद चौधरी, कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई विभाग