Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    13 करोड़ की लागत से बन रहा पाली ओवरब्रिज; निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार, रेलवे ने बताया कब दौड़ेंगे वाहन

    Updated: Mon, 01 Jun 2026 09:57 AM (IST)

    डेहरी ऑन सोन के पाली रेलवे ओवरब्रिज पर डिस्मेंटल कार्य पूरा हो गया है, और अब पाइलिंग का काम शुरू होगा। रेल अधिकारियों के अनुसार, पुल का निर्माण इस साल ...और पढ़ें

    पाली आरओबी का चल रहा काम। जागरण

    पाली आरओबी का चल रहा काम। जागरण

    संवाद सहयोगी, डेहरी ऑन सोन (रोहतास)। बिक्रमगंज-डेहरी मुख्य सड़क को जोड़ने वाले पाली रेलवे ओवरब्रिज पर मई 2023 से यातायात पूरी तरह बंद है।

    इस महत्वपूर्ण सड़क मार्ग से कई गांवों और कस्बों का व्यापार जुड़ा हुआ है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

    हालांकि, पुल निर्माण को लेकर वर्तमान में कार्य तीव्र गति से संचालित है। रेल अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष दुर्गा पूजा तक पुल निर्माण का कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिया जाएगा।

    13 करोड़ रुपये की स्‍वीकृत‍ि 

    गौरतलब है कि पाली रेलवे ओवरब्रिज की मरम्मत के लिए सितंबर 2024 में 13 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई थी। पिछले तीन वर्षों से पुल बंद रहने के कारण आम जनता और व्यवसायी वर्ग बेहद परेशान हैं।

    लगभग तीन वर्ष होने को हैं, लेकिन पुल का नवीनीकरण अभी तक पूरा नहीं हो सका है, जबकि प्रारंभिक कार्य योजना के अनुसार इसे पूरा करने का लक्ष्य सितंबर 2025 ही निर्धारित था।

    आरटीआई कार्यकर्ता राम बाबू द्वारा मांगी गई एक सूचना के जवाब में रेलवे के लोक सूचना पदाधिकारी ने पहले अवगत कराया था कि 31 मार्च तक हर हाल में आरओबी को चालू करने का लक्ष्य है।

    31 मार्च की समय सीमा भी हुई समाप्‍त

    लेकिन वह समय सीमा भी बीत चुकी है। इस मामले को लेकर विभिन्न संगठनों द्वारा समय-समय पर धरना-प्रदर्शन भी किए जाते रहे हैं। 

    पूर्व मुखिया हरिशंकर सिंह के नेतृत्व में भी करीब एक वर्ष पूर्व पुल निर्माण में तेजी लाने के लिए धरना दिया गया था। टीम डेहरियांश के अध्यक्ष चंदन कुमार ने कहा कि पुल बंद रहने से डेहरी शहर का व्यापार पूरी तरह बर्बाद हो गया है।

    इसके अलावा, सड़क मार्ग बाधित होने के कारण आपातकालीन समय में मरीज अस्पताल नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे कई लोगों की जान भी जा चुकी है। 

    रेलवे कंस्ट्रक्शन विभाग के सीनियर सेक्शन इंजीनियर कुमार जैनेंद्र के अनुसार पुराने ढांचे को हटाने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अब पाइलिंग का काम शुरू किया जाएगा।

    नया स्ट्रक्चर बनकर तैयार है। पाइलिंग का कार्य समाप्त होते ही उस पर स्ट्रक्चर रखकर इसे चालू कर दिया जाएगा। यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो अक्टूबर तक पुल पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगा, क्योंकि कार्य तेजी से प्रगति पर है।