पीके का मोदी-शाह पर वार; कहा-यहां के युवाओं की मौत पर क्यों नहीं बोलते? चुनाव में याद आता है बिहार
जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सूरत केमिकल फैक्ट्री दुर्घटना में जान गंवाने वाले रोहतास के चार युवाओं के परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने ...और पढ़ें

शिवसागर के गिरधारिया मृतक सोनू के स्वजनों से बात करते प्रशांत किशोर। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, शिवसागर (रोहतास)। Prashant Kishor: गुजरात के सूरत स्थित केमिकल फैक्ट्री में टैंक की सफाई के दौरान हुई दुर्घटना में रोहतास जिले के चार युवकों की मौत के मामले में मंगलवार को जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे।
उन्होंने शिवसागर थाना क्षेत्र के गिरधरियां गांव में मृतक कमलेश पासवान के 25 वर्षीय पुत्र धनंजय कुमार उर्फ सोनू पासवान के स्वजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया।
चुनाव के समय केवल वोट लेने आते हैं
पीड़ित परिवार से मिलने के बाद प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत में केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह चुनाव के समय बिहार आकर लोगों से वोट मांगते हैं, लेकिन ऐसी दुखद घटनाओं पर एक शब्द बोलना भी जरूरी नहीं समझते।
उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे में चार युवकों की मौत के बाद भी संबंधित राज्य सरकार ने शवों को समय पर उनके घर भेजने में लापरवाही बरती।
प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद करीब 50 बिहारी युवाओं की अलग-अलग राज्यों में मौत हो चुकी है, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस पर मौन हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार में रोजगार के अवसरों की भारी कमी है। इसी कारण यहां के युवाओं को रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ता है।
उद्योग-धंधे होते तो नहीं करना पड़ता पलायन
यदि राज्य में पर्याप्त उद्योग-धंधे और रोजगार के अवसर होते, तो युवाओं को घर-परिवार से दूर जाकर जोखिम भरे काम करने की मजबूरी नहीं होती।
प्रशांत किशोर ने कहा कि सोनू पासवान की मौत सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं है, बल्कि यह उस बड़ी समस्या का प्रतीक है, जिसमें रोजगार के अभाव में बिहार के युवा दूसरे राज्यों में खतरनाक परिस्थितियों में काम करने को मजबूर हैं।
उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिया और प्रशासन से मृतक के स्वजनों को जल्द उचित मुआवजा और सरकारी सहायता देने की मांग की।
इस मौके पर जनसुराज के जिला प्रवक्ता विनोद तिवारी, उपप्रमुख विनय सिंह, रमेश टाइगर, किशोर कुमार मुन्ना, जेपी सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।