Rohtas News: राजपुर के बीसीओ 10000 रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार, निगरानी टीम ने ऐसे बिछाया जाल
राजपुर प्रखंड में निगरानी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीसीओ जनार्दन कुमार को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। ...और पढ़ें

राजपुर के बीसीओ 10000 रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, राजपुर (रोहतास)। बिहार के रोहतास जिले के राजपुर प्रखंड में गुरुवार को निगरानी टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी (BCO) जनार्दन कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। निगरानी विभाग की इस बड़ी कार्रवाई से प्रखंड के अन्य अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
रिश्वत की मांग और शिकायत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीसीओ जनार्दन कुमार ने राजपुर पैक्स प्रबंधक प्रशांत कुमार से धान अधिप्राप्ति एवं गोदाम के भौतिक सत्यापन के बदले 10,000 रुपये की मांग की थी। प्रबंधक ने इसकी शिकायत पटना स्थित निगरानी विभाग से की, जिसके बाद विभाग ने अपने स्तर से मामले का सत्यापन कराया।
जाल बिछाकर गिरफ्तारी
शिकायत सही पाए जाने पर निगरानी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। टीम के निर्देशानुसार, पैक्स प्रबंधक ने बीसीओ को राशि देने के लिए नोखा-राजपुर रोड स्थित 'बुद्धा टाउन हॉल' के समीप एक मेडिकल स्टोर पर बुलाया। जैसे ही बीसीओ दुकान पर पहुँचे, प्रबंधक ने उन्हें निगरानी टीम द्वारा दिए गए 10,000 रुपये थमा दिए।
बीसीओ ने जैसे ही रुपये गिनकर अपनी जेब में रखे, निगरानी टीम ने उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया। इसके बाद टीम उन्हें गाड़ी में बिठाकर सासाराम स्थित उनके आवास की ओर रवाना हो गई।
कार्रवाई का प्रभाव
सूत्रों के अनुसार, बीसीओ के आवास पर भी छापामारी की गई है। गिरफ्तारी की खबर जिले में जंगल की आग की तरह फैल गई। इस कार्रवाई का असर अन्य अधिकारियों पर भी देखा जा रहा है; जो अधिकारी पहले जनता से सीधे मुँह बात नहीं करते थे, वे भी अब शालीनता बरतते नजर आ रहे हैं।
खबरें और भी
स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए निगरानी टीम को बधाई दी और कहा कि ऐसे कदमों से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।