थाने में युवक ने काटी कलाई, खाई नशीली गोलियां; रोहतास में पुलिस कस्टडी में आत्मघाती प्रयास से हड़कंप
शिवसागर पुलिस ने नाबालिग लड़की के अपहरण के आरोपी अंकित गुप्ता को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान युवक ने हाथ काटने और नशीली दवाएं खाने की कोशिश की। ...और पढ़ें
-1777219224389_m.webp)
युवक का चल रहा इलाज। (जागरण)
HighLights
नाबालिग लड़की के अपहरण का आरोपी गिरफ्तार।
गिरफ्तारी के समय युवक ने हाथ काटा, दवा खाई।
पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया, हालत बिगड़ी।
संवाद सूत्र, शिवसागर (रोहतास)। स्थानीय थाने की पुलिस ने रविवार को नोखा थाना क्षेत्र के बलिगांवा गांव से लड़की के अपहरण मामले में एक फरार आरोपित को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तारी के दौरान युवक ने किसी धारदार वस्तु से अपने हाथ की कलाई काटने की कोशिश की और कुछ आपत्तिजनक दवाइयां खा लीं, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया।
थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह के अनुसार, युवक की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देख युवक ने आत्मघाती कदम उठाया। सूचना मिलते ही सासाराम के एसडीपीओ एक दिलीप कुमार ने भी ट्रामा सेंटर पहुंचकर घटना का जायजा लिया।
अपहरण करने का लगा है आरोप
आरोपित नोखा थाना क्षेत्र के मेयारी बाजार निवासी अंकित गुप्ता है। उस पर शिवसागर थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी मौसी के घर आई नाबालिग लड़की को प्रेम-जाल में फंसाकर अपहरण करने का आरोप था। इस मामले में लड़की के स्वजनों ने प्राथमिकी कराई थी।
जानकारी के अनुसार, दोनों दिल्ली में रहते थे और उनके बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। दोनों ने आपस में चाकूबाजी भी की थी, जिसके निशान उनके हाथों पर मौजूद हैं।
लड़का करता था परेशान
विवाद के कारण दो दिन पहले ही दोनों दिल्ली से घर के लिए निकले थे। लड़की अपनी मौसी के गांव गई, लेकिन मौसी के परिवार ने उसे रखने से मना कर दिया। इस बीच लड़का उसे लगातार परेशान कर रहा था।
रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि युवक बलिगांवा गांव में एक दुकान पर बैठा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया, लेकिन थाने लाने के क्रम में उसने मौका पाकर ब्लेड से अपना हाथ काट लिया और नशीली गोलियां खा लीं।
चिकित्सकों के अनुसार, नस काटने का प्रयास किया गया था लेकिन चोट केवल त्वचा तक ही सीमित है। युवक के स्वस्थ होने के बाद पुलिस उससे पूछताछ करेगी।
यह भी पढ़ें- '16000 दो और जाओ', जमुई में शराबबंदी का फायदा उठा वसूली करने वाले 3 होमगार्ड गिरफ्तार