स्कूल तो बना दिया लेकिन रास्ता बनाना भूल गई सरकार, बिजली पोल के सहारे नदी पार कर पढ़ने जाने को मजबूर बच्चे
रोहतास के दिनारा प्रखंड स्थित हरिवंशपुर टोला के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय के बच्चे 19 साल से जान जोखिम में डालकर स्कूल जा रहे हैं। स्कूल तक न पक्की सड ...और पढ़ें

बिजली पोल के सहारे नदी पार कर पढ़ने जाने को मजबूर बच्च
HighLights
हरिवंशपुर टोला स्कूल में 19 साल से रास्ता नहीं।
बच्चे बिजली के पोल के सहारे नदी पार कर रहे।
प्रशासनिक उदासीनता से बच्चों की सुरक्षा पर सवाल।
दिनेश कुमार पांडेय,दिनारा (रोहतास)। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को शिक्षित करने के लिए विद्यालय का निर्माण एवं शिक्षकों की बहाली तो कर दी जाती है, लेकिन कई स्कूलों में रास्ता के अभाव के चलते बच्चे जान जोखिम में डालकर पहुंच रहे हैं।
प्रखंड क्षेत्र में ऐसा ही एक विद्यालय है नवसृजित प्राथमिक विद्यालय हरिवंशपुर टोला। इसकी स्थापना 2006 में हुई थी। 19 वर्ष बीत जाने के बाद भी आज तक विद्यालय तक पहुंचने के लिए न तो पक्की सड़क का निर्माण हो सका है और न ही नदी पर पुल बन पाया है। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर स्कूल आना-जाना पड़ता है।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल
ग्रामीण बताते हैं कि बरसात के दिनों में स्थिति और भयावह हो जाती है, जब नदी का जलस्तर बढ़ जाने से रास्ता असुरक्षित हो जाता है। बच्चे नदी पार करने के दौरान बिजली के पोल का सहारा लेकर विद्यालय तक पहुंचते हैं।
यह दृश्य न केवल प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े करता है। कई बार इस समस्या की शिकायत संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों से ग्रामीणों द्वारा की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है।
खबरें और भी
विद्यालय में 60 बच्चे हैं नामांकित
50 डिसमिल में फैले इस विद्यालय में कार्यालय सहित कुल चार कमरे बने हैं। विद्यालय में छात्रों की संख्या 60 है, जिनके लिए यह व्यवस्था किसी तरह पर्याप्त मानी जा सकती है। शिक्षकों के सृजित पद प्रधान शिक्षक सहित कुल चार हैं, जिनमें एक शिक्षक राघवेंद्र कुमार सिंह का गत 20 सितंबर को निधन हो गया। उनके निधन के बाद से यह पद खाली है, जिससे शिक्षण कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
कहते हैं लोग
शिक्षा समिति की बैठकों में लगातार सड़क निर्माण का मुद्दा उठाया जा रहा है, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर गंभीरता नहीं दिखाई गई है।- सुरेंद्र चौधरी, वार्ड सदस्य
प्रमुख निधि से एक वर्ष पूर्व रास्ते के लिए मिट्टीकरण का कार्य कराया गया था। साथ ही 15वीं वित्त योजना के तहत पक्की सड़क और पुल निर्माण को लेकर 2025-26 में योजना पारित किए जाने की बात कही गई है।- श्रीभगवान कहार, मुखिया
बच्चों की परेशानी को देखते हुए पक्की सड़क एवं नदी पर पुल निर्माण के लिए तत्कालीन बीईओ सरोज कुमार तथा स्थानीय विधायक आलोक कुमार सिंह से मिलकर अवगत कराया गया है।- कुमार अभिषेक बच्चन, प्रधानाध्यापक
बच्चों को पठन पाठन में कोई कठिनाई न हो, इसे देखते हुए ग्रामीण कार्य विभाग से बात की जाएगी तथा विधानसभा में भी तारांकित प्रश्न भी उठाया जाएगा। बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है।- आलोक कुमार सिंह, विधायक