जामिया से ग्रेजुएशन और पटना के हज भवन से BPSC की तैयारी, रोहतास की सानिया कलीम बनीं DSP
रोहतास जिले के डेहरी की सानिया कलीम ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में 821वीं रैंक हासिल कर डीएसपी पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। ...और पढ़ें

रोहतास की सानिया कलीम। (जागरण)
HighLights
सानिया कलीम ने 70वीं बीपीएससी में डीएसपी पद पाया।
रोहतास जिले के डेहरी की सानिया ने नाम रोशन किया।
माता-पिता, शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय, बनीं प्रेरणा।
संवाद सहयोगी, डेहरी आन सोन (रोहतास)। रोहतास जिले के डेहरी नगर क्षेत्र के कमरनगंज वार्ड संख्या-39 की रहने वाली 24 वर्षीय सानिया कलीम ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा के अंतिम परिणाम में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।
उन्होंने 821 वीं रैंक प्राप्त कर उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) पद के लिए चयनित होकर अपने परिवार और क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
सानिया कलीम के पिता कलीम अहमद तिलौथू स्थित उर्दू मध्य विद्यालय (बालक) से सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, जबकि उनकी माता अंजुम परवीन डेहरी के ईदगाह मुहल्ला स्थित उर्दू प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं।
दो बहनों में सानिया सबसे बड़ी हैं। सानिया की प्रारंभिक शिक्षा जेम्स स्कूल, सिकरिया से हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली स्थित जामिया मिलिया इस्लामिया से स्नातक की पढ़ाई पूरी की।
हज भवन में रहकर की पढ़ाई
उच्च शिक्षा के बाद उन्होंने पटना के हज भवन में रहकर बीपीएससी परीक्षा की तैयारी की और अपनी मेहनत एवं लगन के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
सानिया की छोटी बहन सदफ कलीम भी स्नातक हैं। सानिया ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया है। उन्होंने कहा कि माता-पिता के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन ने उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सानिया की इस उपलब्धि से कमरनगंज समेत पूरे डेहरी क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
उनकी सफलता अन्य युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। बधाई देने वालों में वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राजेश चौधरी सरफराज अहमद शीफा सरफराज सहित गांव की अन्य लोग शामिल थे।
यह भी पढ़ें- शादी के बाद भी जारी रखी पढ़ाई, 70वीं BPSC परीक्षा पास कर बेगूसराय की सुचिता कुमारी बनीं RDO