शाहाबाद के 55 प्रखंडों में होगी सब्जी भंडारण की व्यवस्था, तरकारी ब्रांड से सीधे जुड़ेंगे किसान
शाहाबाद सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी संघ लिमिटेड ने किसानों को बिचौलियों से मुक्ति दिलाने और उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ी योजन ...और पढ़ें

शाहाबाद के 55 प्रखंडों में होगी सब्जी भंडारण की व्यवस्था (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
प्रेम कुमार पाठक, डेहरी आनसोन (रोहतास)। शाहाबाद क्षेत्र के किसानों को बिचौलियों से मुक्ति दिलाने व उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए शाहाबाद सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी संघ लिमिटेड ने बड़ी योजना तैयार की है।
अब शाहाबाद के सभी 55 प्रखंडों में सब्जी भंडारण और विपणन की आधुनिक व्यवस्था की जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं को वाजिब दाम पर ताजी सब्जियां मिल सकें और किसानों का लाभ बढ़ सके।
संघ के अध्यक्ष मिथिलेश चौबे के अनुसार, इस पहल के तहत तरकारी ब्रांड के नाम से सब्जियों की पैकेजिंग व ब्रांडिंग की जाएगी। रोहतास के 19, भोजपुर के 14, बक्सर के 11 और कैमूर के 11 प्रखंडों की सब्जी उत्पादक समितियों को इस नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है।
किसानों को न केवल न्यूनतम समर्थन मूल्य मिलेगा, बल्कि सब्जी उत्पादन के लिए सुलभ ऋण व प्रखंड स्तर पर मृदा जांच की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
करोड़ों की लागत से बनेगा इंफ्रास्ट्रक्चर:
योजना के अनुसार, प्रत्येक प्रखंड में लगभग एक करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से 1500 वर्ग मीटर क्षेत्र में भंडारण, माप-तौल, मंडी और कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त, प्याज भंडारण के लिए 13 लाख पांच हजार रुपये की लागत से विशेष संरचनाएं तैयार होंगी।
प्याज की बिक्री के लिए हर प्रखंड में आवश्यकतानुसार तीन से चार आउटलेट खोले जाएंगे। वर्तमान में भोजपुर के आरा, संदेश, बिहिया तथा बक्सर के ब्रह्मपुर व डुमरांव में प्याज भंडारण के लिए आधारभूत संरचना का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
अन्य प्रखंडों में भी इसके लिए भूमि उपलब्ध कराने को प्रशासनिक पत्राचार जारी है। तरकारी ब्रांड की ये सब्जियां बाजार भाव से सस्ती व गुणवत्ता में बेहतर होंगी। सब्जी उत्पादन में लागत कम व आय अधिक हो इसके लिए प्रखंड स्तर पर किसानों को प्रशिक्षण देने की भी व्यवस्था होगी।
खबरें और भी
अधिक उत्पादन होने पर शाहाबाद तरकारी ब्रांड की सब्जियां अन्य प्रांतों में भी भेजने की व्यवस्था होगी। इसका मूल उद्देश्य कम लागत में अधिक लाभ और समय की बचत भी है।