Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    World Bicycle Day: कभी थी गांवों की शान, आज बन रही सेहत की जान; साइकिल के दो पहियों में छिपा है बेहतर भविष्य

    Updated: Tue, 02 Jun 2026 04:27 PM (IST)

    विश्व साइकिल दिवस पर साइकिल के महत्व को उजागर किया गया, जो स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है। यह स्वास्थ्य के लिए वरदान और प्रदूषण ...और पढ़ें

    गांवों की पहचान साइकिल

    गांवों की पहचान साइकिल

    HighLights

    1. साइकिल स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश।

    2. नियमित साइकिलिंग हृदय को मजबूत, चर्बी कम करती है।

    3. प्रदूषण घटाने, समय-धन बचाने का टिकाऊ विकल्प।

    संवाद सूत्र,सूर्यपुरा(रोहतास)। World Bicycle Day:विश्व साइकिल दिवस हर वर्ष 3 जून को मनाया जाता है। यह दिन केवल एक परिवहन साधन के महत्व को रेखांकित नहीं करता, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देता है।

    कभी गांवों और कस्बों की पहचान रही साइकिल आज फिर से लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है।

    विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ते प्रदूषण, तनाव और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के दौर में साइकिल एक सरल और प्रभावी समाधान बनकर उभरी है।

    गांवों की पहचान थी साइकिल

    एक समय था जब छात्र स्कूल, किसान खेत और कर्मचारी अपने कार्यस्थल तक पहुंचने के लिए साइकिल का ही उपयोग करते थे। गांवों की गलियां साइकिल की घंटियों की आवाज से गुलजार रहती थीं।

    समय के साथ मोटर वाहनों का विस्तार हुआ और लोगों की जीवनशैली बदल गई। सुविधाएं बढ़ीं, लेकिन इसके साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी तेजी से बढ़ने लगीं।

    स्वास्थ्य के लिए वरदान है साइकिल

    चिकित्सकों के अनुसार नियमित साइकिल चलाना पूरे शरीर के लिए प्राकृतिक व्यायाम का काम करता है।

    इससे हृदय मजबूत होता है, अतिरिक्त चर्बी कम होती है और शरीर सक्रिय बना रहता है।

    विशेषज्ञ बताते हैं कि रोजाना कुछ किलोमीटर साइकिल चलाने की आदत मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों के खतरे को कम कर सकती है।

    पर्यावरण संरक्षण की मजबूत साथी

    साइकिल न तो धुआं छोड़ती है और न ही किसी ईंधन की आवश्यकता होती है। इसके उपयोग से वायु और ध्वनि प्रदूषण दोनों में कमी आती है।

    जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय संकट से जूझ रही दुनिया के लिए साइकिल एक सस्ता, सुलभ और टिकाऊ विकल्प बनकर सामने आई है। यही कारण है कि कई देश साइकिल संस्कृति को बढ़ावा दे रहे हैं।

    लोगों ने बताया जीवन का अहम हिस्सा

    जीविका कार्यालय कर्मी ओमप्रकाश तिवारी का कहना है कि साइकिल केवल यातायात का साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज के निर्माण की आधारशिला है।

    उन्होंने छोटी दूरी के लिए साइकिल उपयोग को जन आंदोलन बनाने की जरूरत बताई।

    बारून निवासी सियाराम शर्मा के अनुसार नियमित साइकिल चलाने से शरीर चुस्त-दुरुस्त रहता है और दिनभर ऊर्जा बनी रहती है।

    समय, धन और स्वास्थ्य की बचत

    नारायणपुर गांव के वार्ड सदस्य श्रीलाल राम का कहना है कि साइकिल आज भी उनके जीवन की सबसे विश्वसनीय साथी है। इससे समय, धन और स्वास्थ्य तीनों की बचत होती है।

    वहीं बलिहार निवासी रवि सिंह का मानना है कि साइकिल आत्मनिर्भरता और सादगी का प्रतीक है, जो आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देती है।

    विश्व साइकिल दिवस का संदेश

    विश्व साइकिल दिवस हमें यह सीख देता है कि विकास केवल तेज रफ्तार वाहनों का नाम नहीं है।

    स्वस्थ शरीर, स्वच्छ वातावरण और संतुलित जीवन भी विकास के महत्वपूर्ण पहलू हैं।

    साइकिल के दो पहिए आज भी समाज को बेहतर, सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की ओर ले जाने की क्षमता रखते हैं।

    ऐसे में इस विश्व साइकिल दिवस पर अधिक से अधिक साइकिल उपयोग करने का संकल्प समय की जरूरत बन गया है।