पत्नी के नाम 6 अचल संपत्तियां और बैंकों में लाखों: बिहार के EO के घर निगरानी का छापा
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार के सहरसा स्थित पैतृक आवास पर छापेमारी की।

इसी घर में हुई छापेमारी। (जागरण)
HighLights
कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार के आवास पर निगरानी की छापेमारी।
आय से 110% अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप।
सहरसा, पटना, मुजफ्फरपुर में तलाशी अभियान जारी।
संवाद सूत्र, सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा)। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई के तहत गुरुवार को सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के तरियामा गांव स्थित पैतृक आवास पर भी छापेमारी की गई।
मुजफ्फरपुर जिले के माधोपुर सुस्ता नगर पंचायत में कार्यपालक पदाधिकारी के पद पर पदस्थापित सुशील कुमार के खिलाफ दर्ज आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी की टीम ने उनके पटना, मुजफ्फरपुर और सहरसा जिले के सिमरीबख्तियारपुर के तरियामा गांव स्थित ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया।
तरियामा स्थित उनके पैतृक आवास पर गुरुवार की देर रात तक छापेमारी की गई। हालांकि, यहां से कोई आपत्तिजनक सामग्री या संपत्ति से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज मिलने की जानकारी नहीं मिली है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना की ओर से पांच नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस मामले में निगरानी थाना कांड संख्या 131/26, दिनांक चार नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सह पठित धारा 13(1)(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सुशील कुमार पर अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से करीब 110 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। उनके विरुद्ध एक करोड़ 58 हजार 733 रुपये की अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है।
पत्नी और परिजनों के नाम पर छह अचल संपत्तियों का पता
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि प्रारंभिक जांच के दौरान सुशील कुमार, उनकी पत्नी चांदनी गुप्ता एवं परिजनों के नाम पर कुल छह अचल संपत्तियों का पता चला है।
इन संपत्तियों का अनुमानित मूल्य एक करोड़ 37 लाख 71 हजार 400 रुपये आंका गया है। इसके अतिरिक्त विभिन्न बैंकों में जमा चल संपत्ति के रूप में 28 लाख 54 हजार रुपये की जानकारी मिली है। इस प्रकार प्रारंभिक जांच में कुल एक करोड़ 66 लाख 25 हजार 400 रुपये की संपत्ति का पता चला है।
तीन जिलों में एक साथ चल रही तलाशी
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना से प्राप्त सर्च वारंट के आलोक में तीन तलाशी दलों का गठन किया गया।
इन दलों की ओर से पांच नवंबर को सुशील कुमार के पटना, मुजफ्फरपुर और सहरसा स्थित आवासीय एवं कार्यालय परिसरों में तलाशी की कार्रवाई शुरू की गई। इसी क्रम में सिमरी बख्तियारपुर के तरियामा गांव स्थित उनके पैतृक आवास को भी खंगाला गया।
निगरानी विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि मामले का अनुसंधान और तलाशी अभियान जारी है। तलाशी के दौरान प्राप्त दस्तावेजों एवं अन्य संपत्तियों का सत्यापन किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में संपत्ति के वास्तविक स्वरूप और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।