कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर से अलर्ट पर रेलवे, फनगो हाल्ट के पास कटाव रोकने के लिए युद्धस्तर पर काम शुरू
कोसी बराज से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण नदी का जलस्तर बढ़ रहा है, जिससे पूर्व मध्य रेलवे अलर्ट पर है। सहरसा-मानसी रेलखंड पर फनगो हाल्ट के पास 2016 ...और पढ़ें

HighLights
कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने से रेलवे अलर्ट पर।
फनगो हाल्ट पर कटाव रोकने को बचाव कार्य जारी।
रेल परिचालन बाधित न हो, सुरक्षा प्राथमिकता।
संवाद सूत्र, सिमरीबख्तियारपुर (सहरसा)। कोसी बराज से लगातार छोड़े जा रहे पानी के कारण कोसी नदी का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। इसे देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने सहरसा–मानसी रेलखंड पर स्थित फनगो हाल्ट के समीप सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी है।
जिस स्थान पर वर्ष 2016 में भीषण कटाव के कारण रेल परिचालन प्रभावित हुआ था, वहां इस बार रेलवे पहले से पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इंजीनियरिंग विभाग की टीम लगातार स्थल का निरीक्षण कर रही है तथा संभावित कटाव को रोकने के लिए युद्धस्तर पर बचाव कार्य कराया जा रहा है।
आवश्यक तैयारियां पहले ही शुरू
रेलवे अधिकारियों के अनुसार मानसून के दौरान कोसी नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि की आशंका को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पहले ही शुरू कर दी गई थी। फनगो हाल्ट के समीप पुराने कटाव वाले हिस्से पर विशेष नजर रखी जा रही है।
सुरक्षा के मद्देनजर बोल्डर गिराने, मिट्टी को मजबूत करने तथा अन्य कटाव निरोधी कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं, ताकि रेलवे ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित बना रहे।
रेलवे अधिकारियों की निगरानी में चल रहा कार्य
रेलवे प्रशासन ने बताया कि इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी एवं कर्मी नियमित रूप से स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। ट्रैक की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और जलस्तर में होने वाले हर बदलाव पर नजर रखी जा रही है।
खबरें और भी
अधिकारियों का कहना है कि यदि आवश्यकता पड़ी तो अतिरिक्त संसाधन और मशीनें भी तत्काल मौके पर लगाई जाएंगी। प्राथमिकता यह है कि किसी भी परिस्थिति में रेल परिचालन बाधित न हो और यात्रियों को सुरक्षित यात्रा की सुविधा मिलती रहे।
फिलहाल स्थिति सामान्य, लेकिन बढ़ाई गई सतर्कता
स्थानीय लोगों के अनुसार फिलहाल फनगो हाल्ट के पास स्थिति सामान्य बनी हुई है और नदी का पानी अभी खतरे के स्तर तक नहीं पहुंचा है। हालांकि जुलाई के अंतिम सप्ताह में संभावित भारी बारिश और नेपाल क्षेत्र से अधिक पानी छोड़े जाने की संभावना को देखते हुए रेलवे किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता। इसी कारण पहले से ही सुरक्षा कार्यों में तेजी लाई गई है।
2016 में कटाव से ठप हो गया था रेल परिचालन
फनगो हाल्ट के समीप वर्ष 2016 में कोसी नदी का कटाव रेलवे के लिए बड़ी चुनौती बन गया था। जून महीने से शुरू हुआ कटाव जुलाई की शुरुआत में इतना तेज हो गया था कि रेलवे ट्रैक तक खतरा पहुंच गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सुधांशु शर्मा अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे।
उन्होंने पुल संख्या-47 एवं कटाव स्थल का देर रात तक निरीक्षण किया था। स्थिति लगातार बिगड़ने पर रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन स्थगित करने का निर्णय लिया गया था। इसके बाद दो दिनों तक डीआरएम स्वयं मौके पर कैंप कर बचाव कार्यों की निगरानी करते रहे।