चंडीगढ़ में सहरसा की जिला पार्षद की लाडली की मौत; अगले साल होनी थी शादी, घर आने की बात कह फोन पर दी थी ये आखिरी हिंट
सहरसा के जिला पार्षद अनिल भगत की बेटी रानी कुमारी की चंडीगढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बी-फार्मा कर फार्मासिस्ट के रूप में कार्यरत रा ...और पढ़ें
-1783583508927_m.webp)
सहरसा के जिला पार्षद की बेटी रानी की चंडीगढ़ में संदिग्ध मौत
संवाद सूत्र, सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा)। सलखुआ पश्चिमी क्षेत्र संख्या-19 के जिला पार्षद अनिल भगत की 22 वर्षीय पुत्री रानी कुमारी की पंजाब के चंडीगढ़ में बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इस हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही जहां एक तरफ पीड़ित स्वजनों में कोहराम और चीख-पुकार मच गई, वहीं सिमरीबख्तियारपुर, सलखुआ और आसपास के पूरे इलाके में गहरी शोक की लहर दौड़ गई है। रानी की इस असामयिक मौत से हंसते-खेलते परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रानी कुमारी काफी होनहार थीं और पढ़ने में बहुत तेज थीं।
मोहाली में किराए के मकान में रहती थी रानी
उन्होंने वर्ष 2022 में अपनी बी-फार्मा (B.Pharma) की पढ़ाई पूरी करने के बाद चंडीगढ़ के ही एक प्रतिष्ठित सरकारी अस्पताल में बतौर फार्मासिस्ट अपनी नौकरी की शुरुआत की थी। वह वर्तमान में पंजाब के मोहाली जिले के अंतर्गत आने वाले खरड़ थाना क्षेत्र में एक किराए के मकान में रहकर अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रही थीं, जहां से यह दुखद खबर आई है। परिवार के लोगों ने अत्यंत भावुक होकर बताया कि इसी महीने वह लंबी छुट्टी लेकर अपने घर आने वाली थी और घर के सभी सदस्य पल-पल गिनकर उसके आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
-1783584173323.jpg)
देर रात अचानक बिगड़ी तबीयत और होने लगी उल्टी
बताया जाता है कि मंगलवार की देर रात अचानक रानी की तबीयत बेहद बिगड़ गई और उसे तेज उल्टियां होने लगीं, जिससे कमरे में मौजूद सहपाठियों के बीच हड़कंप मच गया। उसके साथ रहने वाले दोस्तों और अन्य लोगों ने बिना एक पल गंवाए उसे नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अफसोस कि इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने रोते हुए बताया कि मंगलवार की सुबह ही रानी की घरवालों से फोन पर लंबी बातचीत हुई थी, जिसमें उसने खुद को पूरी तरह स्वस्थ बताते हुए जल्द घर आने का वादा किया था।
अगले साल होनी थी शादी, घर में पसरा मातम
सुबह फोन पर हंसकर बात करने वाली बेटी की रात में अचानक मौत की खबर ने पूरे हंसते-खेलते परिवार को भीतर से पूरी तरह स्तब्ध कर दिया है और किसी को इस पर यकीन नहीं हो रहा। रानी न केवल परिवार की होनहार बेटी थी, बल्कि अगले वर्ष उसकी शादी की भव्य तैयारियां भी चल रही थीं, जिसके लिए लड़के पक्ष से बात और रस्में लगभग तय हो चुकी थीं। जिस घर में कुछ दिनों पहले तक बेटी की शादी की खुशियों और शहनाई की चर्चा हो रही थी, वहां अब सिर्फ और सिर्फ मातम का माहौल है और मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है।
खबरें और भी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का असली राज
फिलहाल चंडीगढ़ पुलिस और डॉक्टरों की टीम द्वारा जांच किए जाने के बावजूद रानी की मौत के सटीक और वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है। शोक संतप्त स्वजनों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस संदिग्ध मौत की वास्तविक और कानूनी वजह पूरी तरह सामने आ सकेगी। इस समय चंडीगढ़ से एम्बुलेंस द्वारा मृतका के शव के पैतृक घर पहुँचने का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद पूरे रीति-रिवाज के साथ उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।