Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सहरसा के स्कूल में मिड-डे मील में मिला सांप का बच्चा, भोजन खाने के बाद 250 से अधिक बच्चे बीमार

    Updated: Fri, 08 May 2026 07:26 AM (GMT+05:30)

    सहरसा के बलुआहा मध्य विद्यालय में मध्याह्न भोजन खाने के बाद 250 से अधिक बच्चे बीमार पड़ गए, भोजन में सांप जैसे जीव मिलने का आरोप है। उन्हें महिषी सीएच ...और पढ़ें

    HighLights

    1. मध्याह्न भोजन में सांप जैसे जीव मिलने का आरोप।

    2. बलुआहा स्कूल के दो दर्जन से अधिक बच्चे बीमार।

    3. अभिभावकों ने भोजन गुणवत्ता पर सवाल उठाए, जांच की मांग।

    संवाद सूत्र, महिषी (सहरसा)। सहरसा जिले के महिषी प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय बलुआहा में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) में कथित रूप से सांप का बच्चा मिलने की बात सामने आई। भोजन खाने के बाद करीब ढाई सौ से अधिक छात्र अचानक बीमार पड़ गए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

    भोजन खाने के बाद बिगड़ी बच्चों की तबीयत

    जानकारी के अनुसार, एनजीओ द्वारा विद्यालय में तैयार भोजन पहुंचाया गया था। भोजन करने के कुछ ही देर बाद कई बच्चों को पेट दर्द, उल्टी और चक्कर आने की शिकायत होने लगी। कुछ बच्चे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। स्थिति बिगड़ती देख स्कूल के शिक्षकों ने तुरंत महिषी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

    Saharsa Mid Day Meal Over 2 Dozen Children Ill Creature Found (1)

    अस्पताल में मचा हड़कंप, इलाज शुरू

    सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। महिषी सीएचसी में चिकित्सकों ने आनन-फानन में प्राथमिक उपचार शुरू किया। लेकिन बच्चों की संख्या अधिक होने के कारण कई को बेहतर इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। कुल मिलाकर करीब 115 बच्चों को गंभीर स्थिति को देखते हुए सहरसा भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

    अभिभावकों का आक्रोश, स्कूल में हंगामा

    घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के अभिभावक बड़ी संख्या में विद्यालय पहुंच गए। गुस्साए अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। कुछ लोगों ने विद्यालय के कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ की कोशिश भी की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

    खबरें और भी

    Saharsa Mid Day Meal Over 2 Dozen Children Ill Creature Found (2)

    उच्च अधिकारी पहुंचे मौके पर

    घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी दीपेश कुमार, पुलिस अधीक्षक हिमांशु और सिविल सर्जन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। साथ ही सदर अस्पताल से चिकित्सकों की टीम और बड़ी संख्या में पुलिस बल भी विद्यालय और अस्पताल में तैनात किया गया।

    स्कूल में उपस्थित बच्चों का आंकड़ा

    विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका अनुपमा कुमारी के अनुसार, विद्यालय में कुल 719 छात्र नामांकित हैं। गुरुवार को इनमें से 543 छात्र उपस्थित थे। भोजन के बाद कक्षा 1 से 5 तक के लगभग 245 छात्रों ने मिड-डे मील खाया था।

    भोजन के बाद अचानक बिगड़ी स्थिति

    बताया गया कि भोजन खाने के कुछ ही देर बाद कई बच्चे बेहोश हो गए, जबकि अधिकांश बच्चों ने पेट दर्द और उल्टी की शिकायत की। स्थिति बिगड़ने पर पूरे विद्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    Saharsa Mid Day Meal Over 2 Dozen Children Ill Creature Found (3)

    पुलिस ने संभाली स्थिति

    घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रभाकर भारती पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पहले बच्चों को अपने वाहनों और फिर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजवाया। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।

    प्रशासन की जांच शुरू

    प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। भोजन के नमूनों को जांच के लिए भेजा जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि भोजन में कोई संदूषण था या नहीं। इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में मिड-डे मील की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक ओर बच्चे अस्पताल में इलाजरत हैं, वहीं दूसरी ओर अभिभावकों में गहरा आक्रोश और चिंता का माहौल बना हुआ है।