Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    छह जुलाई से बंद होगा 55 साल पुराना टूनटूनिया ओवरब्रिज, बदल जाएगा समस्तीपुर का ट्रैफिक रूट

    Updated: Sun, 05 Jul 2026 07:46 PM (IST)

    समस्तीपुर में 55 साल पुराने टूनटूनिया गुमटी ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह 6 बजे से परिचालन बंद हो जाएगा, जिससे राहगीरों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना हो ...और पढ़ें

    समस्तरीपुर में निरीक्षण करने पहुंच पदाधिकारी।

    समस्तरीपुर में निरीक्षण करने पहुंच पदाधिकारी।

    HighLights

    1. टूनटूनिया गुमटी ओवरब्रिज सोमवार सुबह 6 बजे से बंद।

    2. यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग और व्यवस्थाएं तैयार।

    3. अतिक्रमण हटाकर सड़कों की मरम्मत व चौड़ीकरण किया गया।

    जागरण संवाददाता, समस्तीपुर । 55 साल से अधिक पुराने टूनटूनिया गुमटी ओवरब्रिज पर सोमवार की सुबह 6 बजे से परिचालन थम जाएगा। इससे आवागमन में राहगीरों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना होगा। तंग और छोटे रास्तों पर अचानक से वाहनों की भारी दबाव पड़ने वाली है।

    आमजनों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासनिक महकमा पूरी तरह से सजग दिख रहा है। पुल पर आवागमन अवरुद्ध किए जाने से पहले प्रशासनिक स्तर पर कई तरह के कार्य किए गए है।

    सड़क पर आवागमन को लेकर एक तरफ जहां यातायात एडवायजरी जारी की गई है। वहीं दूसरी तरफ आमजनों को होने वाली असुविधा को देखते हुए अतिक्रमण पर प्रहार किया गया है। साथ ही सड़क की मरम्मत और चौड़ीकरण पर जोर दिया गया है।

    बताया गया कि नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम ने संयुक्त रूप से पुलिस जवानों के साथ मिलकर अलग-अलग जगहों पर अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया। इसमें अस्थाई अतिक्रमणकारियों को हटाकर रास्ते को मुक्त कराया गया है।

    गंडक पुल के समीप मथुरापुर घाट पर बने अस्थाई फल दुकानों को खाली कराया गया है। इसके अलावा ताजपुर रोड, धर्मपुर चौक आदि जगहों पर भी अतिक्रमण हटाया गया है।

    वहीं ताजपुर रोड, धर्मपुर रोड, कन्हैया चौक से महादेव चौक आदि सड़क पर मरम्मती और चौड़ीकरण का काम आवश्यकता अनुसार किया गया है। बताया गया कि आरडब्ल्यूडी और आरसीडी दोनों विभागों ने अपने-अपने सड़क पर काम किया है। सभी मार्ग को वाहनों के हिसाब से चलने योग्य बना दिया गया है। वहीं आवश्यकता अनुसार नो इंट्री भी लगाई गई है।

    कई जगहों पर होगा एकल रास्ता, प्लान जारी

    ओवरब्रिज के बंद होने पर लोगों के लिए वैकल्पिक मार्ग का प्राविधान किया गया है। इसमें आदर्शनगर रोड से धर्मपुर सब्बीर चौक से आगे जाने वाली सड़क, पटेल गोलंबर से डीआरएम आफिस होते हुए माधुरी चौक होते हुए सोनेलाल ढाला और बाइपास से कन्हैया चौक और फिर वहां से महादेव चौक तक की सड़क एकल रास्ता होगी।

    खबरें और भी

    इसमें केवल एक ही दिशा से वाहनों का प्रवेश होगा। बताया गया कि मोहनपुर की तरफ से आने वाले वाहनों के पास दो विकल्प होंगे। वे आदर्शनगर से घुसकर पंचवटी चौक पर निकल सकते है। यह सड़क एकल रास्ता होगी। बाद पंचवटी चौक से दुधपुरा होते हुए वे चकनूर में बाइपास सड़क पर चढ़ सकते है।

    इसके अलावा शहर के भीतर प्रवेश करने वाले वाहन बस स्टैंड, ताजपुर रोड होते हुए सीधे धर्मपुर चौक और फिर गुमटी पार कर सब्बीर चौक से सीधे चकनूर में बाइपास सड़क पर निकलेंगी।

    वहीं बाइपास से धर्मपुर जाने वाली गाड़ी पासवान चौक से निचे होकर सीधे सब्बीर चौक होते हुए धर्मपुर चौक पर निकलेगी। सब्बीर चौक से पूसा रोड पर जानेवाली दोनों सड़क वन-वे होगी। इसी तरह से रोसड़ा के तरफ जाने वाले वाहन एसपी आवास रोड से डीआरएम आफिस होते हुए माधुरी चौक और फिर अटेरन चौक गुमटी और सोनेलाल ढाला होते हुए मालगोदाम और पुरानी दुर्गा स्थान तक जाएंगे। यह सड़क भी एकल होगा। वहीं बाइपास सड़क से कन्हैया चौक और फिर वहां से महादेव चौक।

    महादेव चौक से दो रास्ते होंगे या तो सीधे मोहनपुर निकल जाए या फिर मगरदही चौक होते हुए निकले। यह रास्ता भी एकल होगा। दरभंगा से दलसिंहसराय की तरफ जाने वाली वाहन सीधे बिशनपुर चौक होते हुए दलसिंहसराय के लिए प्रस्थान कर सकती है। वहीं दरभंगा से ताजपुर जानेवाली वाहन सीधे मथुरापुर घाट से बाइपास सड़क से ताजपुर की तरफ निकल सकती है।

    बाजार समिति और जितवारपुर में होगा बस का ठहराव 

    पुल बंद होने से बस स्टैंड का संचालन भी प्रभावित होगा। पटना, ताजपुर या दलसिंहसराय की तरफ जाने वाली बस जहां बस स्टैंड से मिलेगी। वहीं रोसड़ा और दरभंगा के लिए लोगों को थोड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

    उन्हें बस पकड़ने के लिए जितवारपुर और बाजार समिति तक का सफर करना होगा। बताया गया कि दरभंगा की बस बाजार समिति से आगे मनोज सिंह की मंडी में खड़ी होगी। जबकि, रोसड़ा की तरफ से आने वाली बस को जितवारपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड मैदान में खड़ा किया जाएगा।

    यातायात सुगम बनाने में सहायक होगी पुलिस

    वैकल्पिक यातायात व्यवस्था में किसी तरह की विघ्न बाधा न हो इसके लिए यातायात पुलिस की टीम ने विषेश तैयारी कर रखी है। ताजपुर रोड, धर्मपुर चौक, पंचवटी चौक, आदर्शनगर रोड, कन्हैया चौक समेत दो दर्जन से अधिक जगहों को चिन्हित किया गया है।

    इन जगहों पर आमजनों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस जवानों की तैनाती होगी। बताया गया कि कड़ाई से नो इंट्री का प्लान कराया जाएगा, ताकि कही भी जाम की समस्या उत्पन्न न हो।

    ओवरब्रिज मरम्मत कार्य को लेकर सुबह छह बजे से ब्रिज पर आवागमन ठप किया जाएगा। प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई है। वैकल्पिक मार्ग पर सभी तरह की अड़चनों को दूर कराया गया है। मरम्मत और अतिक्रमण अभियान चलाया गया है। आवश्यक अनुसार कुछ जगहों पर सड़क की चौड़ाई भी बढ़ाई गई है। बसों के ठहराव की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।
    - दिलीप कुमार, एसडीओ, समस्तीपुर

    यह भी पढ़ें- समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, नालंदा व नवादा के लोगों का इंतजार बढ़ा, 15 साल बाद भी अधूरा महासेतु