विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रेनों के खाने में अब नहीं मिलेगी गंदगी, चूहे-कॉकरोच दिखे तो AI कैमरे भेजेंगे सीधा अलर्ट

Published: Wed, 23 Sep 2026 02:25 PM (IST)

समस्तीपुर होकर चलने वाली प्रमुख ट्रेनों की पैंट्री कारों में अब एआई कैमरे लगेंगे, जो गंदगी, चूहे या कॉकरोच दिखने ...और पढ़ें

ट्रेनों के खाने में अब नहीं मिलेगी गंदगी, चूहे-कॉकरोच दिखे तो AI कैमरे भेजेंगे सीधा अलर्ट (AI Generated Image)

ट्रेनों के खाने में अब नहीं मिलेगी गंदगी, चूहे-कॉकरोच दिखे तो AI कैमरे भेजेंगे सीधा अलर्ट (AI Generated Image)

HighLights

  1. समस्तीपुर होकर चलने वाली ट्रेनों की पैंट्री में AI कैमरे लगेंगे।

  2. गंदगी, चूहे, कॉकरोच दिखने पर सिस्टम तुरंत अलर्ट भेजेगा।

  3. मार्च 2027 तक 50 ट्रेनों में लागू होगी AI निगरानी व्यवस्था।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस और बागमती एक्सप्रेस समेत समस्तीपुर होकर चलने वाली प्रमुख ट्रेनों की पैंट्री कार में अब एआई आधारित कैमरों (AI Camera in Trains) से निगरानी की जाएगी।

पैंट्री कार में चूहा, कॉकरोच या गंदगी दिखते ही सिस्टम संबंधित अधिकारियों को अलर्ट करेगा। खाना बनाने से लेकर पैकिंग और यात्रियों तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया पर भी निगरानी रखी जाएगी।

पूर्व मध्य रेल के 5 मंडलों के अंतर्गत करीब 50 प्रमुख ट्रेनों की पैंट्री कारों और समस्तीपुर जंक्शन समेत 25 स्टेशनों की कैंटीन में यह व्यवस्था लागू करने की तैयारी है। रेलवे का लक्ष्य मार्च 2027 तक इसे लागू करने का है।

समस्तीपुर होकर चलने वाली लंबी दूरी की कई महत्वपूर्ण ट्रेनों में पैंट्री की सुविधा उपलब्ध है। इनमें 12561/12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, 12577/12578 बागमती एक्सप्रेस, 12565/12566 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और 12553/12554 वैशाली एक्सप्रेस प्रमुख हैं।

स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस का समस्तीपुर में नियमित ठहराव है। वहीं बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस समस्तीपुर होकर दरभंगा और नई दिल्ली के बीच चलती है।

चूहा-कॉकरोच दिखते ही मिलेगा अलर्ट:

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत पैंट्री कार और बेस किचन में कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी। कैमरे की नजर में चूहा, कॉकरोच अथवा गंदगी आने पर सिस्टम अलर्ट जारी करेगा। इसकी सूचना संबंधित अधिकारी और खान-पान सेवा से जुड़ी एजेंसी तक पहुंचाने की व्यवस्था होगी।

लापरवाही पाए जाने पर संबंधित वेंडर या एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। सिर्फ कीड़े-मकौड़ों ही नहीं, बल्कि पैंट्री कर्मचारियों की स्वच्छता पर भी एआई कैमरों से निगरानी की जाएगी।

खाना तैयार करने के दौरान कर्मचारी शेफ कैप, मास्क और हैंड ग्लव्स का इस्तेमाल कर रहा है या नहीं, इसकी भी निगरानी की योजना है। खाना तैयार करने से लेकर पैकिंग तक की प्रक्रिया कैमरों के माध्यम से देखी जा सकेगी।

समस्तीपुर में पहले भी सामने आ चुकी हैं पैंट्री से जुड़ी घटनाएं:

समस्तीपुर होकर चलने वाली स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की पैंट्री कार पहले भी घटनाओं को लेकर चर्चा में रही है। सितंबर 2024 में समस्तीपुर में ट्रेन पर पथराव के दौरान पैंट्री कार समेत 3 डिब्बों के शीशे क्षतिग्रस्त हुए थे।

वहीं, वर्ष 2023 में स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की पैंट्री कार में आग लगने की घटना भी सामने आई थी। बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की पैंट्री को लेकर भी यात्रियों की शिकायतें सामने आती रही हैं।

इसके बाद मंडल स्तर पर जांच भी की गई थी। अब एआई आधारित निगरानी व्यवस्था लागू होने के बाद खान-पान सेवा से जुड़ी एजेंसियों की जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद है।

कैंटीन और फूड प्लाजा पर भी रहेगी नजर :

रेलवे की प्रस्तावित व्यवस्था में पैंट्री कार के अलावा स्टेशन की कैंटीन, जनआहार, फूड प्लाजा और बेस किचन को भी निगरानी के दायरे में लाया जाएगा।

कैमरों से मिलने वाले अलर्ट के आधार पर संबंधित एजेंसी को तत्काल कार्रवाई करनी होगी। गड़बड़ी मिलने पर डिजिटल चालान जैसी कार्रवाई की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।

यह भी पढ़ें- बिहार से गुजरने वाली 36 अधिक ट्रेनें रद, 384 गाड़ियों का बदला रूट; राजेंद्र रेलवे पुल में NI वर्क पर नया अपडेट  

यह भी पढ़ें- मौर्य एक्सप्रेस भागलपुर-मुंगेर होकर चलेगी; वंदे भारत और महानंदा का भी रूट बदला, सिमरिया में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य