समस्तीपुर में अश्लील गाना बजाने से रोकने पर युवक की हत्या, 26 पर केस
समस्तीपुर में डीजे पर अश्लील भोजपुरी गाना बजाने का विरोध करने पर एक युवक विजय कुमार पंडित की बेरहमी से ...और पढ़ें

मृतक की फाइल फोटो। सौ: स्वजन व रोती बिलखते स्वजन। फोटो सौ.: स्वजन
HighLights
डीजे पर अश्लील गाना बजाने का विरोध करने पर हत्या।
मृतक विजय कुमार पंडित, हलई थाना क्षेत्र की घटना।
परिजनों ने एनएच जाम कर, थाने पर प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, मोरवा (समस्तीपुर)। Bihar Crime: समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र में डीजे पर अश्लील भोजपुरी गीत बजाने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया।
आरोप है कि विरोध करने पर युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने पहले करीब तीन घंटे तक एनएच-322 जाम रखा, फिर पोस्टमार्टम के बाद शव को थाना गेट पर रखकर प्रदर्शन किया।
पुलिस ने मामले में 11 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी समारोह में शुरू हुआ विवाद
घटना हलई थाना क्षेत्र के बनवीरा पंचायत के वार्ड संख्या-9 की है। मृतक की पहचान शिक्षक गोपाल पंडित के 23 वर्षीय पुत्र विजय कुमार पंडित के रूप में हुई है।
मृतक की मां एवं आंगनबाड़ी सेविका वीणा कुमारी ने बताया कि गुरुवार शाम गांव में सागर राय के पुत्र सनी कुमार की शादी थी। इसी दौरान ब्रह्म काली पूजा के अवसर पर डीजे पर भोजपुरी गीत बजाए जा रहे थे।
उनका आरोप है कि विजय कुमार ने अश्लील भोजपुरी गाने बजाने का विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
मारपीट और गला दबाने का आरोप
परिजनों के अनुसार, विवाद के बाद आरोपितों ने विजय के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान उसके गले से हनुमानी (चेन) और मोबाइल छीन लिया गया। आरोप है कि छीना-झपटी के दौरान उसका गला भी दबाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर स्वजन मौके पर पहुंचे और घायल विजय को घर ले आए। कुछ देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे वैशाली जिले के जंदाहा स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन घंटे तक एनएच जाम
युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गुरुवार रात करीब एक बजे से शुक्रवार सुबह चार बजे तक एनएच-322 को शव के साथ जाम रखा। पुलिस अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद जाम समाप्त कराया गया।
पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने हलई थाना के मुख्य गेट पर करीब दो घंटे तक शव रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, कड़ी कार्रवाई और मृतक के स्वजन को मुआवजा देने की मांग की।
11 नामजद समेत 26 पर प्राथमिकी
मृतक की मां वीणा कुमारी के आवेदन पर हलई थाना में 11 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी बिंदुओं पर जांच करते हुए अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कुछ दिन पहले ही घर लौटा था विजय
मृतक के पिता गोपाल पंडित सीतामढ़ी के एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक हैं। विजय कुमार बाहर रहकर मजदूरी करता था और कुछ दिन पहले ही घर लौटा था। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
