बिहार के समस्तीपुर में दरिंदगी: स्कूल जा रही दलित किशोरी को अगवा कर होटल में गैंगरेप, पंचायती में बीते तीन दिन
Bihar Dalit Student Gangrape: समस्तीपुर के उजियारपुर में स्कूल जा रही 17 वर्षीय दलित छात्रा का पिस्तौल के बल पर अपहरण कर पांच मनचलों ने सामूहिक दुष्कर ...और पढ़ें

आरोपितों के परिजन और कुछ स्थानीय लोग मामले को रफा-दफा करने के लिए पंचायती करने लगे। प्रतीकात्मक फोटो
संवाद सहयोगी, उजियारपुर (समस्तीपुर)। Samastipur Dalit Student Gangrape Case: बिहार के समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक घटना सामने आ रही है। यहां स्कूल जा रही एक 17 वर्षीय दलित छात्रा को पिस्तौल के बल पर दिनदहाड़े अगवा कर उसके साथ गैंगरेप किया गया।
इस वारदात को बाइक सवार पांच मनचलों ने अंजाम दिया। पीड़िता के परिजनों के आवेदन पर उजियारपुर पुलिस ने दो नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी की है। घटना के बाद से इलाके में तनाव और आक्रोश है।
स्कूल जाते समय रास्ते से उठाया
मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात पिछले 14 जुलाई हुई। पीड़िता उस दिन अपने घर से पढ़ने के लिए स्कूल जा रही थी। रास्ते में एक सुनसान जगह पर पहले से घात लगाए दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए बदमाशों ने उसे घेर लिया।
मनचलों ने पिस्तौल का भय दिखाकर छात्रा को डराया और जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर एक होटल में ले गए। वहां आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
वारदात को अंजाम देने के करीब दो घंटे बाद आरोपी छात्रा को वापस उसी जगह ले जाकर छोड़ दिया और फरार हो गए। उसके बाद पीड़िता ने घर पहुंचकर रोते हुए परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई।
तीन दिनों तक होती रही पंचायती
इस घटना में पुलिस केस दर्ज होने में देरी की एक बड़ी वजह स्थानीय स्तर पर मामले को दबाने का प्रयास रहा। उजियारपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अजित कुमार ने बताया कि जब पीड़िता ने घटना की जानकारी अपनी मां को दी, तो यह बात धीरे-धीरे लीक हो गई।
खबरें और भी
इसके बाद आरोपितों के परिजन और कुछ स्थानीय लोग मामले को रफा-दफा करने के लिए पंचायती करने लगे। पीड़िता के परिवार पर लोक-लाज और सामाजिक दबाव बनाया जाता रहा, जिसके कारण तीन दिनों तक मामला पुलिस के पास नहीं पहुंच सका। अंततः परिजनों ने हिम्मत दिखाकर थाने में न्याय की गुहार लगाई।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी
इस घटना की चर्चा अब पूरे जिले में तूल पकड़ने लगी है और लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद मामले की जांच तेज कर दी है।
उजियारपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि नामजद आरोपियों सहित सभी पांचों दोषियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी कानून की गिरफ्त में होंगे।