विदेश में नौकरी का सपना होगा साकार, बिहार के युवाओं को अब अपने ही जिले में मिलेगी विदेशी भाषाओं की ट्रेनिंग
बिहार सरकार युवाओं को विदेश में नौकरी और उच्च शिक्षा के लिए जिलों में ही विदेशी भाषा प्रशिक्षण सुविधा शुरू ...और पढ़ें

बिहार के युवाओं को अब अपने ही जिले में मिलेगी विदेशी भाषाओं की ट्रेनिंग (AI Generated Image)
HighLights
23 अगस्त से समस्तीपुर में विदेशी भाषा प्रशिक्षण शुरू होगा।
युवाओं को विदेश में नौकरी और शिक्षा में मदद मिलेगी।
जर्मन, जापानी, कोरियाई सहित कई भाषाएँ सिखाई जाएंगी।
मनीष कुमार, समस्तीपुर। विदेश में नौकरी या उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं को अब विदेशी भाषा सीखने के लिए दूसरे शहरों में जाने की जरूरत नहीं होगी। राज्य सरकार जिलों में ही विदेशी भाषा प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी में है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में चरणबद्ध तरीके से 38 विदेशी भाषा प्रशिक्षण केंद्र शुरू किए जाने की योजना है। प्रशिक्षण केंद्रों में अंग्रेजी के अलावा जर्मन, जापानी, कोरियाई, फ्रेंच, अरबी, रूसी, चीनी और स्पेनिश जैसी भाषाएं सिखाई जाएंगी। पहले चरण में 23 अगस्त से जिला नियोजन कार्यालय में इसकी शुरुआत होगी।
इसका उद्देश्य युवाओं को विदेशों में रोजगार के लिए आवश्यक भाषा कौशल उपलब्ध कराना है। इस योजना को लेकर एक माह पूर्व पटना के नियोजन भवन में सभी जिला नियोजन पदाधिकारियों की बैठक भी हो चुकी है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत भाषा विशेषज्ञ आनलाइन कक्षाएं संचालित करेंगे। इसके अलावा सप्ताह में एक दिन संबंधित जिला कार्यालय में पहुंचकर प्रशिक्षुओं की समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान किया जाएगा।
कोरियाई भाषा का प्रशिक्षण भी शुरू होगा:
बिहार कौशल विकास मिशन ने कोरियाई भाषा प्रशिक्षण के लिए एमओयू किया है। वर्तमान में अंग्रेजी, जर्मन, जापानी और अरबी भाषा के प्रशिक्षण के लिए 111 अभ्यर्थी ने आवेदन किया है।
अब कोरियाई भाषा को भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में जोड़ा जाएगा। आने वाले समय में स्पेनिश और फ्रेंच भाषाओं के प्रशिक्षण का दायरा भी बढ़ाने की तैयारी है।
विदेश में नौकरी के लिए भाषा बनेगी मददगार:
जिले में करीब 45 हजार बेरोजगार युवाओं का पंजीकरण है। विदेश जाने वाले युवाओं के लिए भाषा का ज्ञान रोजगार हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
सरकार का मानना है कि प्रशिक्षण मिलने से युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर मिलेंगे। इससे पर्यटन क्षेत्र में विदेशी पर्यटकों के साथ संवाद करने के लिए प्रशिक्षित टूर गाइड भी तैयार किए जा सकेंगे।
समस्तीपुर जिले से भी सिंगापुर, जर्मनी, इजरायल सहित कई देशों में रोजगार के प्रस्ताव आने की जानकारी है।
विदेश में नौकरी की प्रक्रिया में स्थानीय स्तर पर इंटरव्यू, दूतावास स्तर की प्रक्रिया, दस्तावेज सत्यापन और प्रशिक्षण जैसे चरण शामिल होते हैं। सरकारी माध्यम से प्रक्रिया पूरी होने पर युवाओं को फर्जी एजेंटों और ठगी से भी बचाने में मदद मिलेगी।
23 अगस्त से जिला नियोजन कार्यालय में विदेशी भाषा प्रशिक्षण की शुरुआत की जाएगी। इसके लिए इच्छुक युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। आनलाइन माध्यम से अभ्यर्थियों को विभिन्न विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। - रोहित आनंद, जिला नियोजन पदाधिकारी, समस्तीपुर
