PM Kisan Samman के बाद एक और राहत, रबी फसल के नुकसान पर बिहार सरकार देगी अनुदान
Bihar Farmer Scheme:पीएम किसान सम्मान योजना के बाद, बिहार सरकार ने रबी फसल नुकसान के लिए किसानों को राहत दी है। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित ...और पढ़ें

यह तस्वीर इंटरनेट मीडिया से ली गई है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, विभूतिपुर (समस्तीपुर)। Rabi Crop Compensation Bihar: केंद्र सरकार की पीएम किसान सम्मान योजना की राशि मिलने के बाद बिहार के अन्नदाताओं के लिए एक और राहत की खबर है।
अंतिम समय में हुई बारिश की वजह से रबी की फसल विशेषकर गेहूं को हुए नुकसान की भरपाई सरकार ने करने का फैसला किया है। इसके लिए किसानों को अनुदान राशि दी जाएगी।
कृषि इनपुट अनुदान योजना
बिहार में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने ‘कृषि इनपुट अनुदान योजना (रबी 2025-26)’ के तहत फसल नुकसान की भरपाई के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
10 अप्रैल से शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया
प्रखंड कृषि विभाग के अनुसार, 10 अप्रैल से किसानों के ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी है और ओटीपी के जरिए सत्यापन कर आवेदन पूरा किया जा रहा है।
इन किसानों को मिलेगा लाभ
यह अनुदान उन किसानों को मिलेगा, जिनकी फसल मार्च 2026 के तीसरे और चौथे सप्ताह में आई आंधी, तूफान और ओलावृष्टि से प्रभावित हुई है। एक परिवार अधिकतम 2 हेक्टेयर तक की क्षति के लिए आवेदन कर सकता है।
कई फसलों को कवर किया गया
योजना के तहत केवल अनाज ही नहीं, बल्कि सब्जी, गन्ना, दलहन, तिलहन और औषधीय फसलों के नुकसान की भी भरपाई की जाएगी।
बटाईदार भी ले सकते हैं लाभ
इस योजना की खास बात यह है कि सिर्फ भू-स्वामी ही नहीं, बल्कि वास्तविक खेतिहर यानी बटाईदार किसान भी इसका लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए उन्हें पोर्टल से डाउनलोड कर ‘स्व-घोषणा पत्र’ जमा करना होगा।
खबरें और भी
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
किसानों के पास 13 अंकों का किसान पंजीकरण नंबर, आधार से लिंक बैंक खाता और जमीन से जुड़े अद्यतन दस्तावेज (एलपीसी या रसीद) होना अनिवार्य है।
सीधे खाते में आएगी राशि
मुआवजे की राशि डिजिटल प्रक्रिया के तहत सीधे किसानों के आधार लिंक बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी।
ठगी से बचने की सलाह
प्रखंड कृषि पदाधिकारी धीरज कुमार ने किसानों को चेताया है कि वे अपनी बैंक और आधार से जुड़ी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें और केवल सरकारी पोर्टल पर ही आवेदन करें।
जल्द करें आवेदन
अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द आवेदन करें। इसके लिए किसान नजदीकी वसुधा केंद्र या अपने मोबाइल से भी आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक किसान कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट dbtagriculture.bihar.gov.in पर जाकर अपना आवेदन दर्ज कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले किसान भाई यह जरुर जांच लें कि उनकी पंचायत प्रभावित पंचायतों की सूची में शामिल है या नहीं।
राहत बनेगी संजीवनी
बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसल बर्बाद हो गई थी, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा। ऐसे में सरकार की यह सहायता किसानों के लिए बड़ी राहत और संजीवनी साबित हो सकती है।