विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर के वरीय उप समाहर्ता पर दहेज उत्पीड़न व गर्भपात का आरोप, पत्नी ने तीन पर कराई FIR

Published: Sun, 16 Aug 2026 07:27 PM (IST)

Samastipur Dowry Harassment Case: समस्तीपुर में वरीय उप समाहर्ता संदीप झा और उनकी शिक्षिका पत्नी भावना कुमारी के बीच विवाद ...और पढ़ें

वरीय उप समाहर्ता संदीप झा ने भी नगर थाने में मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रतीकात्मक फोटो

वरीय उप समाहर्ता संदीप झा ने भी नगर थाने में मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. उप समाहर्ता संदीप झा पर पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप।

  2. पत्नी भावना ने दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गर्भपात का आरोप लगाया।

  3. पति संदीप झा ने भी पत्नी पर मारपीट, चोरी का आरोप लगाया।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur Dowry Harassment Case: समस्तीपुर में पदस्थापित वरीय उप समाहर्ता संदीप झा और उनकी शिक्षिका पत्नी भावना कुमारी के बीच विवाद अब थाने तक पहुंच गया है।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी कराई है। पत्नी ने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, गर्भावस्था में मारपीट कर गर्भपात कराने, जेवरात व मोबाइल समेत सामान छीनने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप

रोसड़ा थाना क्षेत्र के गायघाट गांव निवासी शिक्षिका भावना कुमारी ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी 30 अप्रैल को दरभंगा के एक होटल में संदीप झा के साथ हुई थी।

उनका आरोप है कि शादी में मायके पक्ष की ओर से करीब 25 लाख रुपये बैंक खाते के माध्यम से और 25 लाख रुपये नकद के अलावा सोने-चांदी के आभूषण, फर्नीचर व अन्य सामान दिए गए थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही उनसे 20 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी।

प्राथमिकी के अनुसार, मांग पूरी नहीं होने पर उनके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की गई। शिक्षिका ने गर्भवती होने के दौरान भी गंभीर मारपीट करने और इसके बाद परिचित चिकित्सक के माध्यम से इलाज कराकर घटना को छिपाने का आरोप लगाया है। प्राथमिकी में पति पर उनके ममेरे भाई के विरुद्ध चोरी का झूठा आरोप लगाने की बात भी कही गई है।

सरकारी आवास में मारपीट

शिक्षिका ने पुलिस को बताया कि 28 जुलाई को पति उन्हें समस्तीपुर स्थित सरकारी आवास पर ले आए। वहां उनके साथ मारपीट की गई और वेतन की राशि देने का दबाव बनाया गया।

आरोप है कि उनकी मां डेजी झा और मामी किरण देवी जब कुशल-क्षेम पूछने सरकारी आवास पहुंचीं तो उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई।

इस दौरान मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण तथा शैक्षणिक एवं सरकारी दस्तावेज जबरन ले लिए गए और उन्हें तथा उनके स्वजनों को घर से बाहर निकाल दिया गया।

प्राथमिकी में पति पर अपने प्रशासनिक पद और प्रभाव का इस्तेमाल कर जान से मारने तथा सरकारी नौकरी समाप्त करवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मामले में वरीय उप समाहर्ता के अलावा उनकी मां और बहन को भी आरोपित किया गया है।

उप समाहर्ता ने भी दर्ज कराई प्राथमिकी

दूसरी तरफ वरीय उप समाहर्ता संदीप झा ने भी नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने पत्नी भावना समेत पांच लोगों पर ऑफिसर कॉलोनी स्थित सरकारी आवास में घुसकर मारपीट करने और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पूर्व में अपने आवास से करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी होने का भी आरोप लगाया है।

मूल रूप से मधुबनी जिले के महरैल गांव निवासी संदीप झा ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पूर्व उनकी पत्नी भावना, सास डेजी झा और पत्नी के मामा के पुत्र सोनू ने मिलकर उनके घर से करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी की। 28 जुलाई की रात की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि पत्नी भावना अपनी नानी के घर से अपनी ममेरी बहन तृप्ति और मां डेजी झा के साथ उनके आवास पर आई थीं।

दोनों पक्षों की जांच शुरू

संदीप झा के अनुसार, रात करीब 11 बजे उन्होंने भावना से उनके वाट्सऐप का पिन मांगा तो वह उग्र हो गईं। 29 जुलाई की दोपहर भावना के नानी गांव से अमन कुमार, डेजी झा, किरण देवी और सोनू उनके सरकारी आवास पर पहुंचे। आरोप है कि घर में प्रवेश करते ही सभी ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की सत्यता की पुष्टि की जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

करीब एक माह पूर्व भी उप समाहर्ता ने अपने साला समेत अन्य लोगों को नामजद करते हुए सरकारी आवास में चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।