दलसिंहसराय में अंतिम सोमवारी पर बदला ट्रैफिक रूट, डैनी चौक से बछवाड़ा मार्ग पर छोटे वाहन रहेंगे बंद
Samastipur Traffic Diversion: दलसिंहसराय में श्रावण की अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया ...और पढ़ें

अनुमंडल पदाधिकारी किशन कुमार ने एनएच-28 सहित सभी प्रमुख संपर्क मार्गों पर वाहनों के परिचालन में बदलाव की जानकारी दी।
HighLights
श्रावण की अंतिम सोमवारी के लिए दलसिंहसराय में ट्रैफिक डायवर्जन।
भारी और हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित।
डैनी चौक से बछवाड़ा मार्ग पर छोटे वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित।
जागरण संवाददाता, दलसिंहसराय (समस्तीपुर)। Dalsinghsarai Traffic Route: श्रावण मास की अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अनुमंडल प्रशासन ने दलसिंहसराय क्षेत्र में व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है।
अनुमंडल पदाधिकारी किशन कुमार ने बताया कि 23 अगस्त की शाम से 24 अगस्त तक एनएच-28 सहित सभी प्रमुख संपर्क मार्गों पर वाहनों के परिचालन में बदलाव रहेगा। कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही और जाम से बचाव के लिए भारी एवं हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।
बड़े वाहनों का डायवर्जन
नए ट्रैफिक प्लान के तहत मुजफ्फरपुर से बेगूसराय की ओर जाने वाले सभी भारी वाहन दरभंगा, रोसड़ा और मंझौल के रास्ते गंतव्य तक पहुंचेंगे। इसी तरह बेगूसराय से मुजफ्फरपुर और हाजीपुर जाने वाले बस एवं ट्रकों को भी मंझौल, रोसड़ा और दरभंगा होकर निकाला जाएगा।
बेगूसराय से दरभंगा जाने वाले बड़े व्यावसायिक वाहनों के लिए भी मंझौल-रोसड़ा का मार्ग अनिवार्य किया गया है।
छोटे वाहनों पर रोक
छोटे वाहनों को 23 अगस्त की शाम 4 बजे तक ही बेगूसराय से बछवाड़ा होते हुए दलसिंहसराय के रास्ते मुजफ्फरपुर जाने की छूट दी जाएगी।
शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक दलसिंहसराय के डैनी चौक से बछवाड़ा के बीच छोटे वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
सुरक्षा एवं बिजली व्यवस्था
कांवरिया मार्ग पर एनएच-28 आरओबी और काली चौक जैसे प्रमुख स्थलों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
बिजली विभाग के एसडीओ नीलेश कुमार के अनुसार सुरक्षा कारणों से संबंधित विद्युत फीडरों को निर्धारित समय तक बंद रखा जाएगा जिससे आपूर्ति प्रभावित रह सकती है।
इसके साथ ही प्रशासन ने सेवा शिविरों में अश्लील गीतों व नृत्यों पर रोक लगाते हुए उल्लंघन करने वालों और क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले वाहनों पर प्राथमिकी दर्ज करने की चेतावनी दी है।
