दिल्ली व रांची के बाद बिहार के समस्तीपुर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल, KSR कॉलेज बचाने की मांग
Patna Purnia Expressway Route: समस्तीपुर में एनएसयूआई छात्रों ने केएसआर कॉलेज को प्रस्तावित एक्सप्रेसवे से बचाने और कोचिंग एक्ट लागू ...और पढ़ें

छात्र नेता नारेबाजी करते हुए डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष पहुंचे और वहीं धरने पर बैठ गए। फोटो: जागरण
HighLights
समस्तीपुर में एनएसयूआई छात्रों ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का बिगुल फूंका।
केएसआर कॉलेज को प्रस्तावित पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे रूट से बचाने की मांग।
जिले भर में कोचिंग एक्ट को सख्ती से लागू करने की मांग।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Ksr College Sarairanjan Samastipur: दिल्ली और रांची के आंदोलनों की तर्ज पर अब बिहार के समस्तीपुर में भी छात्रों ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का बिगुल फूंक दिया है।
सरायरंजन स्थित केएसआर कॉलेज को प्रस्तावित पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे के रूट से बचाने और जिले में कोचिंग एक्ट लागू करने की मांग को लेकर एनएसयूआई ने गुरुवार से शिक्षा बचाओ सत्याग्रह शुरू किया।
कलेक्ट्रेट परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद छात्र नेता नारेबाजी करते हुए डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष पहुंचे और वहीं धरने पर बैठ गए।
चार नेता भूख हड़ताल पर
इस अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजन कुमार वर्मा, जिला उपाध्यक्ष ललन यादव, विवेक विराट और छात्र नेता गोलू यादव बैठे हैं।
छात्र नेताओं ने दो टूक कहा कि दोनों मांगें सीधे तौर पर विद्यार्थियों और आम जनता के भविष्य से जुड़ी हैं, जिन पर ठोस निर्णय होने तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष अभिनव अंशु ने स्पष्ट किया कि संगठन विकास के खिलाफ नहीं है, लेकिन शिक्षण संस्थानों और छात्रों की शिक्षा की कीमत पर कोई प्रोजेक्ट स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कोचिंग एक्ट की मांग
जिलाध्यक्ष राजन कुमार वर्मा ने कहा कि सरायरंजन का केएसआर कॉलेज इलाके में उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र है और एक्सप्रेसवे का रूट बदलकर इसे सुरक्षित किया जाना चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने जिले भर में कोचिंग एक्ट को पूरी सख्ती से लागू करने की मांग उठाई ताकि निजी शिक्षण केंद्रों में पारदर्शिता लाई जा सके।
संगठन ने जिला प्रशासन से दोनों प्रमुख मांगों पर बिना किसी देरी के त्वरित और ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है।
कांग्रेस नेताओं का समर्थन
छात्रों के इस आंदोलन को जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सनातनी बालाजी, महासचिव एमके आनंद, अजय कुमार और पूसा प्रखंड अध्यक्ष बलराम कुमार ने मौके पर पहुंचकर खुला समर्थन दिया।
इसके अलावा कल्याणपुर प्रखंड अध्यक्ष आशुतोष कुमार, जिला महासचिव इकबाल रहमान सिद्दीकी, संजीव इंकलाबी, मुकेश कुमार चौधरी और फैज अहमद भी धरने में शामिल हुए।
मौके पर अमन राय, अभिषेक कुमार राजा, भरत कुमार, आदित्य कुमार, सुमित कुमार, राजू कुमार और नमनीत यादव सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
