ड्रिल मशीन से ATM काटकर 18 लाख से अधिक की लूट, समस्तीपुर में बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम
मोरवा के चकलालशाही चौक स्थित इंडिया वन एटीएम से बदमाशों ने रविवार सुबह 18 लाख से अधिक रुपये लूट लिए।

इंडिया वन एटीएम में लूट। (जागरण)
HighLights
मोरवा के इंडिया वन एटीएम से 18 लाख लूटे गए।
बदमाशों ने ड्रिल कर कैश बॉक्स को क्षतिग्रस्त किया।
दुर्गा पूजा में सुरक्षा दावों पर सवाल खड़े हुए।
संवाद सूत्र, मोरवा। हलई थाना क्षेत्र के चकलालशाही चौक स्थित पुरानी थाना के समीप लगी इंडिया वन एटीएम से बदमाशों ने 18 लाख से अधिक रुपये की रुपये लूट लिया।
घटना को रविवार की अल सुबह अंजाम दिया गया। यह मामला तब प्रकाश में आया जब दोपहर के समय एटीएम के सर्वर से संपर्क टूटने की शिकायत पर तकनीकी टीम मौके पर पहुंची।
बाद में सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू की। बताया गया कि एटीएम के भीतर बदमाशों ने दाखिल होने बाद ड्रिल कर उसके कैश बॉक्स में लगी बोल्ट को क्षतिग्रस्त कर दिया।
इससे कैश बॉक्स फ्री हो गया। वहीं, एटीएम के सर्वर से संपर्क को भी भंग कर दिया। एटीएम का हार्डडिस्क भी कार्यरत नहीं रहा। तकनीकी गड़बड़ी करते हुए बदमाशों ने लूट को अंजाम दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पटोरी डीएसपी बीके माधवी भी मौके पर पहुंचे। हालांकि, पुलिस को वारदात का सीसीटीवी फुटेज अभी नहीं मिला है। बताया गया कि सीसीटीवी की निगरानी ऑनलाइन एक कंपनी द्वारा की जाती है।
उक्त कंपनी से फुटेज का अनुरोध किया गया है। सीसीटीवी फुटेज मिलने बाद ही पूरी घटनाक्रम की जानकारी स्पष्ट होगी। कंपनी के लोकल फ्रेंचाइजी एनएमएस के प्रोपराइटर अमरेश कुमार ने बताया कि तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
बाद सूचना पुलिस को दी गई। कंपनी के रिकॉर्ड के अनुसार एटीएम से 18 लाख 22 हजार 500 रुपये की लूट की गई है। डीएसपी ने कहा कि सूचना पर पुलिस टीम घटना की छानबीन में जुटी है। जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बदमाश 18 लाख से अधिक की रकम ले गए।
24 घंटे खुला रहता था एटीएम, निगरानी में लापरवाही
चकलालशाही चौक पर लगा एटीएम 24 घंटे खुला रहता था। यह एटीएम जंदाहा-समस्तीपुर मुख्य पथ होने के किनारे है। यहां 24 घंटे चहल पहल बनी रहती है।
पहले थाना बगल में होने से पुलिस की टीम हमेशा रहती थी। लेकिन अब नए थाना के निर्माण के बाद पुलिस की गश्त आदि सही नहीं रहती है। बदमाशों ने इसी का फायदा उठाकर एटीएम में लूट की घटना को अंजाम दिया।
बताया गया कि एटीएम की आंतरिक सुरक्षा उपकरण भी सही नहीं थी। यही वजह रही कि बदमाशों द्वारा इतनी बड़ी घटना को अंजाम देने के बाद भी कंपनी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
इधर, एटीएम में लूट की खबर मिलते ही चौक के दुकानदार के बीच भी दहशत का माहौल कायम है। सभी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित दिखे।
दुर्गा पूजा पर सुरक्षा के पहरे के बीच लूट, दावों की खुली पोल
दुर्गापूजा को लेकर जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम का दावा किया जा रहा है। चप्पे-चप्पे पर निगरानी और पुलिस की मुस्तैदी की बात कही जा रही है।
लेकिन, इसी बीच एटीएम में लूट की घटना ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए है। जब त्योहार में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, तब अपराधियों का बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देना व्यवस्था की कमजोर कड़ी उजागर करता है।
