पूर्णिया से पाटलिपुत्र के लिए नई स्पेशल इंटरसिटी, हसनपुर, रोसड़ा, समस्तीपुर व मुजफ्फरपुर को सीधी कनेक्टिविटी
Purnea Court Patliputra Intercity Special: रेलवे ने पूर्णिया कोर्ट से पाटलिपुत्र के लिए एक नई इंटरसिटी स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है, जो समस्तीपुर, हसनपुर और रोसड़ा होते हुए चलेगी। यह ट्रेन 17 अगस्त से 16 सितंबर तक एक महीने के लिए सप्ताह में पांच दिन चलेगी।

एक माह के लिए स्पेशल सेवा के रूप में 17 अगस्त से 16 सितंबर तक किया जाएगा। फाइल फोटो
HighLights
पूर्णिया कोर्ट से पाटलिपुत्र के लिए नई ट्रेन शुरू।
समस्तीपुर, हसनपुर, रोसड़ा होते हुए चलेगी यह ट्रेन।
एक महीने तक चलेगी, सप्ताह में पांच दिन परिचालन।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur Hasanpur Rosera Train: रोसड़ा और हसनपुर के रास्ते राजधानी पटना के लिए सीधी ट्रेन की लंबे समय से चली आ रही मांग को रेलवे ने पूरा कर दिया है।
पूर्व मध्य रेल प्रशासन ने पूर्णिया कोर्ट से समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर होते हुए पाटलिपुत्र के बीच नई इंटरसिटी स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
फिलहाल इस ट्रेन का परिचालन एक माह के लिए स्पेशल सेवा के रूप में 17 अगस्त से 16 सितंबर तक किया जाएगा।
सप्ताह में पांच दिन परिचालन
गाड़ी संख्या 03215/03216 पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल का संचालन सप्ताह में पांच दिन सुनिश्चित किया गया है। यह ट्रेन पाटलिपुत्र से बुधवार और शनिवार को छोड़कर तथा पूर्णिया कोर्ट से गुरुवार और रविवार को छोड़कर नियमित रूप से चलेगी।
इस नई ट्रेन सेवा से समस्तीपुर, रोसड़ा, हसनपुर, खगड़िया और मधेपुरा क्षेत्र के यात्रियों को पटना आने-जाने का सुगम विकल्प मिलेगा।
ट्रेन का पूरा समय सारणी
गाड़ी संख्या 03215 सुबह 09:10 बजे पूर्णिया कोर्ट से रवाना होकर बनमनखी, मुरलीगंज, मधेपुरा, सहरसा, सिमरी बख्तियारपुर, मानसी और खगड़िया होते हुए दोपहर 13:50 बजे हसनपुर पहुंचेगी।
इसके बाद दोपहर 14:10 बजे रोसड़ा घाट और 14:50 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी, जहां पांच मिनट के ठहराव के बाद मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सोनपुर और पहलेजा घाट होते हुए शाम 17:45 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 03216 पाटलिपुत्र से रात 23:00 बजे प्रस्थान करेगी और देर रात 02:00 बजे समस्तीपुर, 02:35 बजे रोसड़ा घाट तथा 02:55 बजे हसनपुर होते हुए अगली सुबह 08:30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी।
18 कोच से लैस रैक
इस स्पेशल ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें चार सामान्य, 10 स्लीपर, तीन एसी और एक चेयर कार श्रेणी का कोच शामिल रहेगा। ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव दानापुर कोचिंग डिपो में किया जाएगा और वर्तमान में इसका परिचालन पारंपरिक आईसीएफ कोच से होगा।
रात के समय पाटलिपुत्र से वापसी की सुविधा मिलने से खासकर उत्तर व पूर्व बिहार के दैनिक व कामकाजी यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
