समस्तीपुर में मौत को छूकर लौटा परिवार: चलती ट्रेन के नीचे फंसे 6 लोग, ऊपर से गुजरे 10 डिब्बे
बिहार के शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर चलती मालगाड़ी के नीचे फंसे छह लोग चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच निकले। प्लेटफॉर्म बदलने के लिए ट्रेन के नीचे से ग ...और पढ़ें
HighLights
शाहपुर पटोरी में चलती मालगाड़ी के नीचे फंसे छह लोग।
पांच महिलाएं और एक बच्चा चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बचे।
प्लेटफॉर्म बदलने के लिए ट्रेन के नीचे से गुजर रहे थे।
संवाद सहयोगी, शाहपुर पटोरी (समस्तीपुर) । बिहार में शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर उस वक्त लोगों की सांसें थम गईं, जब छह लोग चलती मालगाड़ी के नीचे फंस गए। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों की धड़कनें तेज हो गईं और हर किसी की नजरें पटरी पर टिकी थीं।
लेकिन किस्मत ने साथ दिया और सभी छह लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। हादसे के बाद स्टेशन पर देर तक अफरा-तफरी और राहत का माहौल बना रहा।
बता दें कि शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को अचंभित कर देने वाले इस हादसे में पांच महिलाएं और एक नन्हा बच्चा चलती मालगाड़ी के नीचे आ गए।
गनीमत रही कि सभी लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए पटरी पर लेटकर और प्लेटफार्म की दीवार से चिपककर अपनी जान बचा ली। पूरी ट्रेन गुजरने के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना में रोसड़ा निवासी सोनाली देवी एवं जयमाला देवी को अधिक चोटें आई हैं, जबकि ममता देवी और एक बच्चे को आंशिक चोट लगी है।
सभी घायलों का अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया। बाद में बेहतर शारीरिक जांच के लिए रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब सभी महिलाएं प्लेटफार्म बदलने के लिए स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के नीचे से गुजर रही थीं। इसी दौरान अचानक मालगाड़ी चल पड़ी।
ट्रेन चलते ही सभी लोग घबरा गए, लेकिन तत्परता दिखाते हुए पटरी पर लेट गए और प्लेटफार्म की दीवार से सटकर पड़े रहे। इससे उनकी जान बच गई। पीड़ित महिलाओं ने बताया कि वे सभी समस्तीपुर जिले के रोसड़ा से वैशाली जिले के जंदाहा में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थीं।
समारोह समाप्त होने के बाद शाहपुर पटोरी स्टेशन से ट्रेन पकड़कर हाजीपुर होते हुए समस्तीपुर लौटना था। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या एक पर जाने के लिए वे मालगाड़ी के नीचे से पार कर रही थीं और हादसा हो गया।
घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। घटना की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। हादसे से संबंधित वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।