समस्तीपुर में चकोटी मठ की पौराणिक मूर्ति समेत छह प्राचीन मूर्तियां बरामद, तीन चोर गिरफ्तार
समस्तीपुर पुलिस ने चकोटी मठ से चोरी हुई पौराणिक मूर्तियों सहित छह प्राचीन मूर्तियां बरामद की हैं और इस मामले में तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

बरामद मूर्तियों की तस्वीर। जागरण
HighLights
चकोटी मठ से चोरी हुई 6 प्राचीन मूर्तियां बरामद।
पुलिस ने तीन चोरों को अलग-अलग जगहों से दबोचा।
चोरों ने कई मंदिरों में चोरी की बात स्वीकारी।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर । मंदिर में चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अलग-अलग जगहों से इनकी गिरफ्तारी की गई है।
निशानदेही पर पुलिस ने चकोटी मठ 24 अवतार धाम से चोरी हुई पौराणिक मूर्ति समेत अन्य सामानों की बरामदगी की है। इसके अलावा कर्पूरीग्राम, हथौड़ी और दरभंगा जिले के बहेड़ी एवं बिरौल में हुई चोरी का भी पर्दाफाश हुआ है।
गिरफ्तार चोर की पहचान विभूतिपुर थाना के सिंघियाघाट निवासी लक्ष्मी महतो के पुत्र नंदकिशोर महतो, बुच्चू साह के पुत्र छोटू कुमार और रामप्रकाश महतो के पुत्र गुड्डु कुमार के रूप में हुई।
मामले में बुधवार को एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि चकोटी मठ 24 अवतार धाम में चोरी की घटना के बाद छानबीन के लिए एक विशेष टीम का गठन सदर एसडीपीओ टू के नेतृत्व में किया गया।
टीम ने तकनीकी रूप से अनुसंधान करते हुए प्राप्त साक्ष्य के जरिए आगे बढ़ते हुए संदिग्धों की पहचान की। अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर सभी को गिरफ्तार किया गया और उनकी निशानदेही पर मंदिर से चोरी गई छह मूर्ति के अलावा अन्य सामानों की बरामदगी की गई।
इनके पास से चोरी गई भगवान श्रीरामलला, श्रीराम, माता जानकी, लड्डू गोपाल, श्रीहनुमान और श्रीलक्ष्मण की छह मूर्तियां बरामद की हैं। इसके अलावा दानपात्र के 400 रुपये तथा वारदात में प्रयुक्त कार (निबंधन संख्या बीआर01एक्सवाई 8204) भी जब्त की गई है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पिछले कुछ दिनों में समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम, हथौड़ी और खानपुर के अलावा दरभंगा जिले के बहेड़ी एवं बिरौल थाना क्षेत्रों के कई मंदिरों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था।
खबरें और भी
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर विभिन्न मंदिरों से चोरी गई पीतल की घंटियां, पूजा सामग्री और पीतल के बर्तन सहित अन्य सामान भी बरामद की। उन्होंने बताया कि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
बता दें कि 12 जुलाई की रात चकोटी मठ से इन मूर्तियों की चोरी की गई थी। यहां यह भी बताना आवश्यक है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 24 जून 26 को चकोटी मठ में 24 अवतार धाम का लोकार्पण किया था।
रेकी कर मंदिरों को बनाता था निशाना, कार का करता था इस्तेमाल
यह गिरोह पहले मंदिरों की रेकी करता था और फिर सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देता था। एसपी के अनुसार गिरोह के सदस्य पहले चौपहिया वाहन से विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर मंदिरों की निगरानी करता था।
जिस मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था कमजोर और आवाजाही कम होती थी, उसे निशाना बनाता था। इसके बाद देर रात एर्टिगा कार से पहुंचकर गर्भगृह में रखी भगवान की मूर्तियां, दानपात्र, पीतल की घंटियां, पूजा के बर्तन और हाथ लगने वाला अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम, हथौड़ी, खानपुर तथा दरभंगा जिले के बहेड़ी और बिरौल थाना क्षेत्रों के कई मंदिरों में चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
दो आरोपितों का पूर्व का है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों पर पहले से समस्तीपुर, बेगूसराय और सीतामढ़ी जिलों में चोरी, डकैती, हथियार बरामदगी और अन्य आपराधिक मामलों के केस दर्ज हैं।
इसमें छोटू कुमार पर सीतामढी जिले के पुपरी थाना में चोरी, बेगूसराय नगर थाना में डकैती की तैयारी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज है। जबकि गुड्डू कुमार पर विभूतिपुर थाना में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है।
छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी
खानपुर थानाध्यक्ष शिवपूजन कुमार, डीआईयू के इंस्पेक्टर कुणाल चंद्र, खानपुर के दरोगा संजीवन पासवान, डीआईयू के अमित कुमार शौलेंद्र कुमार, धनंजय कुमार, प्रिंस भरत, पंकज कुमार, सिपाही संतोष कुमार, अनीश कुमार, कुंदन कुमार, चालक सिपाही सत्येंद्र कुमार शामिल रहे।