विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर के तेलनी में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, तीन महिला हिरासत में, 318 किलो गांजा बरामद

Published: Thu, 03 Sep 2026 11:03 PM (IST)

समस्तीपुर के तेलनी गांव में राज्य मध निषेध, नारकोटिक्स और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर बजरंगी महतो के घर ...और पढ़ें

कार्रवाई में जुटी राज्य नारकोटिक्स और स्थानीय पुलिस की टीम।

कार्रवाई में जुटी राज्य नारकोटिक्स और स्थानीय पुलिस की टीम।

HighLights

  1. समस्तीपुर के तेलनी गांव में पुलिस ने की बड़ी छापेमारी।

  2. बजरंगी महतो के घर से 318 किलो गांजा जब्त।

  3. गांजा तस्करी में तीन महिलाएं गिरफ्तार, पूछताछ जारी।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर । बिथान थाना के तेलनी गांव में गुरुवार की देर शाम राज्य मध निषेध, राज्य नारकोटिक्स और स्थानीय पुलिस की टीम ने संयुक्त छापेमारी कर धंधेबाज बजरंगी महतो के घर से 318 किलो गांजा बरामद किया।

मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, देर शाम चार-पांच वाहनों से सादे लिबास में पुलिस की टीम तेलनी गांव पहुंची। टीम ने बजरंगी महतो के घर को चारों ओर से घेर लिया।

घर में मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले टीम ने घर पर दस्तक दी। घर की महिलाओं ने पुलिस टीम को तलाशी लेने से रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान बिथान थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

पुलिस की मौजूदगी में घर की तलाशी शुरू की गई। टीम के साथ बीडीओ बब्लू कुमार और सीओ रूबी कुमारी भी मौजूद रहीं। टीम ने घर के विभिन्न हिस्सों और आसपास के संभावित ठिकानों की सघन तलाशी ली।

करीब तीन घंटे बाद टीम को भारी मात्रा में गांजा मिला। छापेमारी के दौरान ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुटने लगी। हालांकि, पुलिस ने लोगों को कार्रवाई स्थल से दूर रखा।

मौके पर राज्य नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी एवं रोसड़ा सर्किल इंस्पेक्टर मनोज कुमार, बिथान थानाध्यक्ष राज किशोर राय सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे।

पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में तीन महिलाओं को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से लाया गया था और इसके अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल है।