विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर में कार पलटी तो मची शराब लूट की होड़, पुलिस पहुंची तब तक खाली हो चुके थे कार्टन

Published: Tue, 08 Sep 2026 07:59 PM (IST)

समस्तीपुर में बारिश के दौरान एनएच-28 पर एक शराब लदी कार पलट गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ...और पढ़ें

HighLights

  1. बारिश में एनएच-28 पर शराब लदी कार पलटी।

  2. पुलिस पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने लूटी अधिकांश शराब।

  3. पुलिस शराब के स्रोत और लुटेरों की जांच में जुटी।

संवाद सहयोगी, दलसिंहसराय (समस्तीपुर)। बारिश के बीच एनएच-28 के किनारे अचानक एक कार पलटी और देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जुट गई। हादसा देखने पहुंचे लोगों को जब पता चला कि दुर्घटनाग्रस्त कार में शराब लदी है तो कई ग्रामीणों ने कार को घेर लिया।

पुलिस के पहुंचने से पहले ही लोग कार से शराब की बोतलें और कार्टन निकालकर ले जाने लगे। कुछ ही देर में घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुछ कार्टन बरामद किए और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया।

बारिश में अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलटी कार

थाना क्षेत्र के बैंगन चौक के समीप एनएच-28 पर रविवार की दोपहर बारिश के दौरान यह हादसा हुआ। बताया गया कि तेज बारिश के बीच शराब लदी कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद कार में सवार लोगों के बारे में तत्काल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की नजर कार पर पड़ी और वहां भीड़ जमा होने लगी।

शराब का पता चलते ही जुटी भीड़

कार में शराब होने की जानकारी सामने आते ही घटनास्थल का नजारा बदल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोग दुर्घटनाग्रस्त कार के पास पहुंचे और उसमें रखे शराब के कार्टन निकालने लगे। देखते ही देखते कई लोग बोतलें और कार्टन लेकर वहां से निकल गए। बताया जा रहा है कि कार में लदी शराब का अधिकांश हिस्सा ग्रामीण अपने साथ ले गए।

पुलिस के पहुंचने से पहले निकल गए लोग

घटना की सूचना मिलते ही दलसिंहसराय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, तब तक काफी संख्या में लोग शराब लेकर वहां से जा चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली तो कुछ कार्टन शराब बरामद हुए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

कितनी शराब थी, जुटाई जा रही जानकारी

थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम ने बताया कि बरामद शराब की मिलान और गिनती की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि कार में कुल कितनी शराब लदी थी और उसमें से कितनी शराब बरामद की गई है। घटनास्थल के आसपास भी शराब की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है।

शराब कहां से आई, पुलिस कर रही जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। कार के नंबर और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना के बाद कार में मौजूद लोग कहां गए।

शराब ले जाने वालों की भी होगी पहचान

हादसे के बाद शराब के कार्टन और बोतलें ले जाने वाले लोगों की पहचान भी पुलिस के लिए जांच का अहम हिस्सा बन गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। अन्य माध्यमों से भी घटनास्थल पर मौजूद लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि शराब की बरामदगी, तस्करी के नेटवर्क और दुर्घटना के बाद शराब ले जाने की घटना को लेकर जांच जारी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।