समस्तीपुर में दुकान से घर लौट रहे स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या
समस्तीपुर के दलसिंहसराय में बाइक सवार बदमाशों ने एक स्वर्ण व्यवसायी राजेश कुमार पोद्दार की गोली मारकर हत्या कर दी। ...और पढ़ें

दलसिंहसराय में घटनास्थल पर जांच करती पुलिस
HighLights
दलसिंहसराय में स्वर्ण व्यवसायी राजेश पोद्दार की हत्या।
दुकान से घर लौटते समय बाइक सवारों ने गोली मारी।
पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे और एक गोली बरामद की।
संवाद सहयोगी, दलसिंहसराय (समस्तीपुर)।समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय में सोमवार रात दुकान बंद कर घर लौट रहे स्वर्ण व्यवसायी की राह में मौत घात लगाए बैठी थी। पगड़ा गांव में काली स्थान के समीप बाइक सवार बदमाशों ने पीछे से उन्हें गोली मार दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा और एक गोली बरामद की है। हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
दुकान बंद कर लौट रहे थे घर
थाना क्षेत्र के पगड़ा गांव के वार्ड संख्या नौ स्थित काली स्थान के समीप सोमवार रात करीब 8:10 बजे बाइक सवार बदमाशों ने स्वर्ण व्यवसायी राजेश कुमार पोद्दार (35) की गोली मारी । मृतक की पहचान घाट नवादा निवासी राजकुमार पोद्दार के पुत्र के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, राजेश कुमार पोद्दार काली चौक स्थित अपनी दुकान बंद कर पगड़ा गांव के वार्ड संख्या 13 स्थित अपने नवनिर्मित मकान लौट रहे थे। इसी दौरान काली स्थान के समीप पीछे से बाइक पर आए बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और गोली मार दी। गोली लगने से उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक कुमार शर्मा और थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से दो खोखा और एक गोली बरामद किए जाने की जानकारी मिली है।
हत्या के कारणों की जांच शुरू
स्वर्ण व्यवसायी की हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बदमाशों ने किस वजह से व्यवसायी की हत्या की और वारदात में कौन-कौन शामिल थे, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस अपराधियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए जांच में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।