Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    समस्तीपुर के भरत ईश्वर बने अरबपति, पेंशन के 1100 रुपये निकालने पहुंचे तो खुला राज

    By Mukesh KumarEdited By: Dharmendra Singh
    Updated: Sun, 12 Jul 2026 05:45 PM (IST)

    समस्तीपुर के 80 वर्षीय भरत ईश्वर को 1100 रुपये की पेंशन निकालते समय ट्रांजेक्शन रसीद में अपने खाते में 740 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दिखाई दी। ...और पढ़ें

    समस्तीपुर में पासबुक दिखाते वृद्ध।

    समस्तीपुर में पासबुक दिखाते वृद्ध।

    HighLights

    1. 80 वर्षीय भरत ईश्वर पासबुक देकर हैरान रह गए

    2. खाते का शेष 7 अरब 40 करोड़ 68 लाख 72 हजार 895 रुपये 78 पैसे अंकित 

    जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। 1100 रुपये की वृद्धावस्था पेंशन निकालने पहुंचे 80 वर्षीय भरत ईश्वर उस समय हैरान रह गए, जब ट्रांजेक्शन रसीद में उनके खाते में 740 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दिखाई दी। गांव में देखते ही देखते चर्चा शुरू हो गई।

    पेंशन की रसीद ने सबको चौंकाया

    समस्तीपुर जिले के सरायरंजन प्रखंड की नौआचक पंचायत के गावपुर गांव के वार्ड-13 निवासी भरत ईश्वर शुक्रवार की शाम 1100 रुपये की वृद्धावस्था पेंशन निकालने के लिए निकटवर्ती ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) पहुंचे थे।

    आधार सक्षम भुगतान प्रणाली (एईपीएस) के जरिए राशि निकालने के बाद उन्हें जो रसीद मिली, उसमें खाते का शेष 7 अरब 40 करोड़ 68 लाख 72 हजार 895 रुपये 78 पैसे अंकित था। यह देखकर भरत ईश्वर और सीएसपी संचालक दोनों के होश उड़ गए।

    गांव में फैल गई चर्चा

    रसीद में इतनी बड़ी रकम दिखने की खबर कुछ ही देर में पूरे गांव में फैल गई। लोग यह जानने के लिए उत्सुक हो गए कि आखिर एक वृद्ध पेंशनधारी के खाते में इतनी बड़ी राशि कैसे पहुंच गई। कई लोग रसीद देखने भी पहुंच गए और गांव में दिनभर इसी की चर्चा होती रही।

    खबरें और भी

    बैंक पहुंचते ही खुली हकीकत

    मामले की जानकारी मिलते ही भरत ईश्वर सरायरंजन स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा पहुंचे। शाखा प्रबंधक रोहित कुमार ने खाते की जांच कर बताया कि खाते में वास्तविक शेष राशि केवल 500 रुपये है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाते में किसी प्रकार का बड़ा वित्तीय लेन-देन नहीं हुआ है और पासबुक अपडेट कराने पर भी यही राशि दिखाई देगी।

    तकनीकी गड़बड़ी बनी वजह

    शाखा प्रबंधक ने बताया कि ट्रांजेक्शन रसीद में दिखाई गई करोड़ों रुपये की राशि तकनीकी त्रुटि का परिणाम है। बैंक ने इस गड़बड़ी की सूचना क्षेत्रीय कार्यालय को भेज दी है, ताकि तकनीकी खामी को जल्द दूर किया जा सके।

    बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों से अपील की है कि ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत बैंक से संपर्क कर खाते की वास्तविक स्थिति की पुष्टि करें।