ऊपर यूरिया, नीचे शराब...समस्तीपुर में 20 चक्का ट्रक का गुप्त तहखाना देख पुलिस भी रह गई दंग
विभूतिपुर पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुस्तफापुर भाथ पोखर के पास से एक 20 चक्का ट्रक जब्त किया। ट्रक में यूरिया और लकड़ी के बुरादे के नी ...और पढ़ें

पुलिस ने ट्रक को किया जब्त।
HighLights
विभूतिपुर पुलिस ने 20 चक्का ट्रक जब्त किया।
ट्रक के गुप्त तहखाने से विदेशी शराब बरामद हुई।
यूरिया और बुरादे के नीचे छिपाई गई थी शराब।
संवाद सहयोगी, विभूतिपुर (समस्तीपुर) । स्थानीय पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुस्तफापुर भाथ पोखर के निकट से एक 20 चक्का वाला ट्रक को जब्त किया है।
तहखाने में भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद
इस ट्रक के भीतर बेहद शातिर तरीके से बनाए गए एक गुप्त तहखाने में भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी।
पुलिस को चकमा देने के लिए शराब माफिया ने फुलप्रूफ प्लानिंग कर 20 चक्का ट्रक के ऊपर भारी मात्रा में खेती का यूरिया और लकड़ी का बुरादा लोड किया गया था, ताकि किसी को शक न हो।
लेकिन विभूतिपुर पुलिस को पहले ही इस बात की सूचना मिल चुकी थी कि यूरिया की आड़ में शराब की एक बड़ी खेप इलाके से गुजरने वाली है।
घेराबंदी कर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मुस्तफापुर भाथ पोखर के निकट घेराबंदी कर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। ट्रक को जब्त कर जब थाने लाया गया और ऊपर से यूरिया की बोरियां तथा लकड़ी का बुरादा हटाया गया, तो पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए।
तस्करों ने ट्रक की बाडी के बीचो-बीच एक बहुत मजबूत और बड़ा गुप्त तहखाना बना रखा था। यह तहखाना इस तरह से लाक और बेल्डिंग किया गया था कि इसे सामान्य तरीके से खोलना नामुमकिन था।
पुलिस कटर और तकनीकी उपकरणों की मदद से इस शातिर तहखाने को तोड़ने का प्रयास कर रही है, पूरी तरह खुलने के बाद ही शराब की सही मात्रा और उसकी कीमत का आकलन हो सकेगा।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि जब तक ट्रक का तहखाना नहीं टूटता तब तक आकलन करना मुश्किल है। वैसे ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर और यूरिया से जुड़े दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खेप कहां से आई है।