विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर में प्रसाद खाने के बाद 30 से अधिक लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार, गांव में हड़कंप

By Mukesh KumarEdited By: Dharmendra Singh
Updated: Fri, 21 Aug 2026 10:09 PM (IST)

समस्तीपुर के बिथान प्रखंड में सत्यनारायण पूजा का प्रसाद खाने के बाद 30 से अधिक बच्चे और वयस्क बीमार पड़ गए, जिन्हें उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच कर रहा है।

समस्तीपुर में मरीजों का चल रहा इलाज।

समस्तीपुर में मरीजों का चल रहा इलाज।

HighLights

  1. समस्तीपुर में पूजा का प्रसाद खाने से लोग बीमार।

  2. 30 से अधिक बच्चे-वयस्क फूड पॉइजनिंग से प्रभावित।

  3. बिथान सीएचसी में मरीजों का इलाज जारी।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण कर रहे लोगों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर में उन्हें अस्पताल का रुख करना पड़ेगा। प्रसाद खाने के बाद एक-एक कर बच्चों और वयस्कों की तबीयत बिगड़ने लगी।

किसी को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई तो किसी को पेट दर्द और डायरिया ने परेशान कर दिया। देखते ही देखते गांव में अफरातफरी मच गई। स्वजन बीमार लोगों को लेकर अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचने लगे। करीब 30 लोगों के बीमार होने के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय हुआ है।

प्रसाद खाने के बाद शुरू हुई परेशानी

घटना बिथान प्रखंड की उजान पंचायत के परड़ी गांव की है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी राम सकल यादव के घर गुरुवार की रात सत्यनारायण भगवान की पूजा आयोजित की गई थी। पूजा में आसपास के कई लोगों ने भाग लिया। पूजा समाप्त होने के बाद लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

प्रसाद ग्रहण करने के कुछ समय बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। शुरुआत में कुछ लोगों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत हुई। इसके बाद कई लोग डायरिया और दस्त की चपेट में आ गए। एक साथ कई लोगों के बीमार पड़ने से गांव में हड़कंप मच गया।

बच्चों से लेकर वयस्क तक बीमार

प्रसाद खाने से बीमार होने वालों में बच्चे और वयस्क दोनों शामिल हैं। हालत बिगड़ने पर स्वजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए। कुछ मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार दिलाया गया, जबकि कई लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

सीएचसी में करीब 30 मरीज भर्ती

बिथान के बीडीओ बबलू कुमार ने बताया कि राम सकल यादव के घर पूजा का प्रसाद खाने के बाद दो दर्जन से अधिक बच्चे एवं वयस्क फूड प्वाइजनिंग से प्रभावित हुए हैं। करीब 30 मरीजों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिथान में इलाज चल रहा है। सभी मरीजों की स्थिति पर चिकित्सकों की नजर है।

स्वास्थ्य विभाग की बढ़ी चिंता

एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। प्रसाद में किस वजह से फूड प्वाइजनिंग हुई, इसकी जांच की जा रही है। ग्रामीणों में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा है।

 महिलाएं, पुरुष और कई बच्चे बीमार 

इसमें उमेश यादव, आशा देवी, गीता देवी, नीलम देवी, राज कुमार यादव, हरेराम यादव, काजल कुमार, सीता देवी, सत्तों यादव और प्रमिला देवी समेत कई लोग शामिल हैं।

वहीं बीमार बच्चों में सोनू कुमार, अंचल कुमारी, प्रशांत कुमार, सुशांत कुमार, निराला कुमारी, सुधांशु कुमार और स्वीटी कुमारी समेत अन्य बच्चे शामिल हैं। घटना के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की संख्या बढ़ गई। अभी अस्पताल में रोसड़ा एसडीओ भी पहुंचे।