समस्तीपुर के सौरव ने बढ़ाई बिहार की शान, चलाई दुनिया की पहली डबल स्टैक पाइथन ट्रेन
समस्तीपुर के भिरहा गांव के सहायक लोको पायलट सौरव कुमार ने जिले का नाम रोशन किया है।

सहायक लोको पायलट सौरव कुमार। (जागरण)
HighLights
समस्तीपुर के सौरव कुमार ने ऐतिहासिक ट्रेन का संचालन किया।
दुनिया की पहली इलेक्ट्रिक डबल स्टैक पाइथन ट्रेन चलाई।
प्रधानमंत्री मोदी ने मुंबई से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। जिले के लिए गौरव का एक नया अध्याय तब जुड़ गया, जब रोसड़ा प्रखंड क्षेत्र के भिरहा गांव के रहने वाले सहायक लोको पायलट सौरव कुमार ने दुनिया की पहली इलेक्ट्रिक डबल स्टैक कंटेनर लांग हाल पाइथन ट्रेन के संचालन में मुख्य भूमिका निभाई।
8 सितंबर को मुंबई स्थित जवाहरलाल नेहरू पोर्ट से वडोदरा के लिए रवाना हुई इस ऐतिहासिक ट्रेन की कमान समस्तीपुर के लाल के हाथों में रही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इलेक्ट्रिक इंजन से डबल स्टैक कंटेनर वाली लंबी मालगाड़ी का परिचालन भारतीय रेलवे की माल ढुलाई क्षमता में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
इस ऐतिहासिक संचालन का हिस्सा बनने वाले सौरव के लिए यह अवसर विशेष रहा। भिरहा गांव निवासी अशोक कुमार के पुत्र सौरव वर्तमान में सहायक लोको पायलट के रूप में कार्यरत हैं।
गर्व का क्षण
ऐतिहासिक ट्रेन के संचालन की जिम्मेदारी मिलने की जानकारी ड्यूटी से पहले मिलने पर वे काफी उत्साहित थे। प्रधानमंत्री द्वारा रवाना की गई ट्रेन को चलाना उनके लिए गर्व का क्षण रहा।

सहायक लोको पायलट सौरव कुमार।
सौरव की उपलब्धि की जानकारी गांव पहुंचते ही परिवार और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई और सौरव को बधाई दी।
ग्रामीणों ने कहा कि छोटे से गांव से निकलकर रेलवे में कार्य करते हुए सौरव ने जिस ऐतिहासिक उपलब्धि में योगदान दिया है, उससे पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। उनके घर पर शुभकामना देने वालों का पहुंचना जारी रहा।
