समस्तीपुर के एसके मंडल कॉलेज में परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों का हंगामा, ज्वलनशील पदार्थ छिड़कने से तनाव
समस्तीपुर के एसके मंडल कॉलेज में बीएससी नर्सिंग परीक्षा परिणाम में 50% से अधिक छात्रों के फेल होने पर भारी ...और पढ़ें

हंगामा करते आक्रोशित परीक्षार्थी।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur College Protest: कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के सिंधिया खुर्द स्थित एसके मंडल कॉलेज में बुधवार को परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद छात्र-छात्राओं ने जमकर हंगामा किया।
इस दौरान कुछ छात्रों ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ भी छिड़क लिया, जिससे कॉलेज परिसर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
रिजल्ट से नाराज थे छात्र
बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित नर्सिंग विभाग के बीएससी नर्सिंग 2024-2028 बैच के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित की गई थी।
इसका परीक्षा परिणाम हाल ही में प्रकाशित किया गया है। रिजल्ट में 50 प्रतिशत से अधिक छात्र-छात्राओं के अनुत्तीर्ण होने के बाद उनमें असंतोष फैल गया।
नाराज छात्र-छात्राएं कॉलेज में विरोध-प्रदर्शन करने लगे। इसी दौरान कुछ छात्रों ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ छिड़क लिया। इससे कॉलेज परिसर में माहौल बिगड़ गया और पुलिस को सूचना दी गई।
समीक्षा का दिया भरोसा
कॉलेज प्रशासन ने छात्र-छात्राओं को समझाकर शांत कराया और उनकी समस्या पर समुचित कार्रवाई का भरोसा दिया। कॉलेज प्रबंधन ने छात्र-छात्राओं की समस्या और उनकी भावनाओं को संज्ञान में लेते हुए संबंधित बिहार स्वास्थ्य विभाग को परीक्षा परिणाम की समीक्षा के लिए आवेदन दिया है।
संस्थान की ओर से विश्वविद्यालय के समक्ष भी छात्र-छात्राओं की समस्या को उचित माध्यम से रखा जा रहा है। कॉलेज प्रबंधन ने आश्वस्त किया कि यदि प्रकाशित परीक्षा परिणाम में किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय द्वारा नियमानुसार परिणाम की पुनः समीक्षा की जाएगी।
पुलिस ने संभाली स्थिति
समीक्षा के बाद आवश्यक सुधार होने पर संशोधित परीक्षा परिणाम प्रकाशित किया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। कॉलेज प्रशासन के आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हुई। थानाध्यक्ष राज कुमार सिंह ने बताया कि छात्रों को शांत कराकर कॉलेज प्रशासन से वार्ता कराई गई है। फिलहाल हालात सामान्य हैं।
