समस्तीपुर में मोबाइल चोरी के आरोप में किशोर की पिटाई, इलाज के दौरान मौत
उजियारपुर में मोबाइल चोरी के आरोप में पिटाई के बाद एक किशोर दर्शन कुमार की मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर हंगामा और तोड़फोड़ ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, उजियारपुर। जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र के नाजिरपुर पंचायत के वार्ड संख्या एक निवासी प्रदीप दास के पुत्र दर्शन कुमार की बुधवार की शाम करीब पांच बजे मौत हो गई।
स्वजन एवं ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पूर्व मोबाइल चोरी के आरोप में गांव के ही कुछ युवकों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की थी। घर पर ही उसका उपचार चल रहा था। बुधवार को उसकी मौत के बाद गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
बताया गया कि 30 अप्रैल की शाम नाजिरपुर पंचायत के वार्ड संख्या दो निवासी राजीव झा के पुत्र अंशु कुमार तथा उसके चार-पांच दोस्तों ने दर्शन कुमार पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाया था।
मृतक की मां ने गुरुवार को पुलिस को दिए बयान में कहा कि अंशु कुमार और उसका दोस्त राजन कुमार उसके पुत्र को मुर्गा फार्म में काम कराने के बहाने मोटरसाइकिल से अपने साथ ले गए थे। वहां उसके साथ मारपीट की गई और बेहोशी की हालत में मक्के के खेत में छोड़ दिया गया।
ग्रामीणों की नजर पड़ने पर किशोर को खेत से उठाकर घर पहुंचाया गया। स्वजन आर्थिक तंगी के कारण उसका समुचित इलाज नहीं करा सके और गांव में ही उपचार कराया जा रहा था।
इसी दौरान बुधवार की शाम उसकी मौत हो गई। किशोर की मौत की सूचना मिलते ही गुरुवार सुबह ग्रामीण शव को लेकर आरोपित अंशु कुमार के घर पहुंच गए। शव दरवाजे पर रखकर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
आक्रोशित ग्रामीणों का आरोप था कि मोबाइल चोरी का आरोप झूठा था और बेवजह किशोर की पिटाई की गई। स्थिति बिगड़ते देख सरपंच रामप्रसाद सिंह, जिला पार्षद अरुण कुमार, पूर्व मुखिया ब्रह्मदेव सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दोनों पक्षों के लोगों के साथ पंचायत स्तर पर मामले को सुलझाने का प्रयास किया।
हालांकि, बातचीत में विलंब होने पर ग्रामीण उग्र हो गए और आरोपित के घर पर तोड़फोड़ करने लगे। घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
खबरें और भी
बाद में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दलसिंहसराय एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा, इंस्पेक्टर मो. इरसाद आलम समेत समस्तीपुर, मुसरीघरारी सहित कई थानों की पुलिस गांव पहुंची।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि मामले में अब तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।