विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर में किशोरी का शव पेड़ से लटका मिला, सौतेली मां से विवाद की आशंका

Published: Sun, 06 Sep 2026 12:14 PM (IST)

समस्तीपुर के मोहनपुर गांव में 13 वर्षीय किशोरी का शव घर के पीछे पेड़ से बरामद हुआ, जिससे इलाके में ...और पढ़ें

कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव की घटना की जांच करती एफएसएल टीम। फोटो: जागरण

कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव की घटना की जांच करती एफएसएल टीम। फोटो: जागरण 

HighLights

  1. 13 वर्षीय किशोरी का शव मोहनपुर गांव में मिला।

  2. सौतेली मां से 100 रुपये को लेकर हुई थी कहासुनी।

  3. पुलिस और एफएसएल टीम मामले की जांच कर रही है।

संवाद सहयोगी, कल्याणपुर (समस्तीपुर)। Samastipur Kishori Death: मथुरापुर टारा पंचायत के मोहनपुर गांव में रविवार को 13 वर्षीय किशोरी का शव उसके घर के पीछे से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका की पहचान वार्ड 12 निवासी गुंजा पासवान की पुत्री नेहा कुमारी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

स्वजन के अनुसार किशोरी अमरूद के पेड़ से फंदे के सहारे लटकी हुई थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्वजन ने शव को पेड़ से उतार दिया था। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।

एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की जांच की। ग्रामीणों के अनुसार किशोरी की मां की पहले ही मौत हो चुकी है। इसके बाद उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली थी और किशोरी की देखरेख सौतेली मां करती थी।

किशोरी के पिता दूसरे प्रदेश में रहकर मजदूरी करते हैं। घटना के समय घर में उसकी सौतेली मां, सौतेला छोटा भाई और दादा मौजूद थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

बताया गया कि शनिवार की शाम किशोरी ने कथित तौर पर सौ रुपये मांगे थे। इसको लेकर उसकी सौतेली मां के साथ कहासुनी भी हुई थी। घटना के संबंध में स्वजन फिलहाल अधिक कुछ बताने से परहेज कर रहे हैं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही किशोरी की मौत के वास्तविक कारण का खुलासा होने की उम्मीद है।

थानाध्यक्ष रणवीर राउत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्वजन का बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।