समस्तीपुर में भामाशाह सम्मान से सम्मानित हुए शीर्ष करदाता, वित्तीय अनुशासन को मिला बढ़ावा
Samastipur Bhamashah Award: समस्तीपुर में स्वतंत्रता दिवस पर वाणिज्य कर विभाग ने तीन शीर्ष करदाताओं को भामाशाह सम्मान से नवाजा। शिवा इंटरप्राइजेज को प्रथम, महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज को द्वितीय और सान्या ऑटोमोबाइल्स को तृतीय पुरस्कार मिला।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर मेसर्स शिवा इंटरप्राइजेज के प्रतिनिधि को सर्वाधिक कर भुगतान के लिए प्रथम पुरस्कार से सम्मानित करते प्रभारी मंत्री दामोदर रावत व अन्य अतिथ। फोटो : जागरण
HighLights
समस्तीपुर में स्वतंत्रता दिवस पर भामाशाह सम्मान समारोह आयोजित।
तीन शीर्ष करदाताओं को प्रभारी मंत्री ने किया सम्मानित।
वित्तीय अनुशासन, पारदर्शी कारोबार को प्रोत्साहन देना उद्देश्य।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur Bhamashah Award: स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर वाणिज्य कर विभाग की ओर से जिले में सर्वाधिक कर का भुगतान करने वाले तीन व्यवसायियों को भामाशाह सम्मान से पुरस्कृत किया गया।
प्रभारी मंत्री दामोदर रावत ने चयनित करदाताओं को चेक और प्रशस्ति देकर सम्मानित किया। इस वर्ष जिले के तीन शीर्ष करदाताओं का चयन किया गया।
मेसर्स शिवा इंटरप्राइजेज को सर्वाधिक कर भुगतान के लिए प्रथम पुरस्कार मिला। प्रतिष्ठान को 51 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया।
वहीं, मेसर्स महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 21 हजार रुपये और मेसर्स सान्या आटोमोबाइल्स को तृतीय पुरस्कार के रूप में 11 हजार रुपये का चेक दिया गया।
राज्य कर संयुक्त आयुक्त कृष्णा मोहन सिंह ने बताया कि वित्तीय अनुशासन, पारदर्शी कारोबार और सरकार को समय पर राजस्व देने के प्रति सजग रहने वाले प्रतिष्ठानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भामाशाह सम्मान योजना संचालित की जा रही है।
निर्धारित मानदंडों के आधार पर बिहार मूल्यवर्द्धित कर अधिनियम, 2005 और माल एवं सेवा कर अधिनियम, 2017 के तहत चयनित करदाताओं व व्यवसायियों को यह सम्मान दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि सम्मान का उद्देश्य ईमानदारी से कर भुगतान करने वाले व्यवसायियों को पहचान दिलाने के साथ अन्य कारोबारियों को भी नियमित और पारदर्शी तरीके से कर भुगतान के लिए प्रोत्साहित करना है।
इससे कारोबारियों में वित्तीय अनुशासन और समय पर राजस्व भुगतान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। समारोह में जिले के कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा, विधायक अश्वमेघ देवी, बीरेन्द्र कुमार, विधान पार्षद डा. तरुण कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष खुशबू कुमारी और नगर निगम मेयर अनिता राम सहित वाणिज्य कर विभाग के अधिकारी व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

