समस्तीपुर में जाम से राहत की नई पहल, अब सड़कों पर ट्रैफिक वालंटियर संभालेंगे व्यवस्था
समस्तीपुर नगर निगम ने शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक वालंटियर सेवा शुरू की है। प्रारंभिक चरण में 20 वालंटियर सुबह 9 से शाम 5 बजे तक वाहनों ...और पढ़ें

समस्तीपुर में ट्रैफिक वालंटियर सेवा का शुभारंभ। जागरण
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर । बिहार में समस्तीपुर शहर को जाम से निजात दिलाने का जिम्मा अब नगर निगम ने उठाया है। निगम की तरफ से सड़कों पर वालंटियरों की तैनाती की गई है।
ये अब सड़कों पर वाहनों को नियंत्रित करेंगे, जिससे जाम की समस्या से आमजनों को निजात मिलेगा। बताया गया कि इसकी तैनाती सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक होगी।
अभी इनकी संख्या 20 है, लेकिन आने वाले दिनों में इस संख्या में इजाफा किया जाएगा। वालेंटियर्स की तैनाती को लेकर मंगलवार को शहर के स्टेशन चौक स्थित गांधी स्मारक परिसर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता मेयर अनिता राम ने कह।
संचालन पूर्व स्थायह समिति सदस्य मनोज जायसवाल ने किया। इस दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए शुरू होने वाली ट्रैफिक वालंटियर सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया।
महापौर समेत अन्य ने ट्रैफिक वालंटियरों को हरी झंडी दिखाकर शहर में रवाना किया। महापौर अनीता राम ने कहा कि शहर के विकास के लिए निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही।
शहर में सड़क एवं नाला निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। कहा कि सभी विभागाध्यक्षों के साथ नियमित समीक्षा बैठक कर विकास योजनाओं की निगरानी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि शहर में बढ़ती जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से ट्रैफिक वालंटियर सेवा शुरू की जा रही है। प्रारंभिक चरण में स्टेशन चौक और आसपास के व्यस्त इलाकों पर विशेष फोकस रहेगा।
सभी ट्रैफिक वालंटियर पूर्ण पोशाक में सड़क पर तैनात रहेंगे और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में प्रशासन का सहयोग करेंगे।
महापौर ने ट्रैफिक वालंटियरों सेवा की शुरुआत करते हुए आशा व्यक्त की कि इस पहल से शहर में जाम की समस्या में कमी आएगी और आम लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।
रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर
कार्यक्रम के दौरान शहर की रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए नाइट क्लीनर कर्मियों को यूनिफार्म एवं परिचय-पत्र भी वितरित किए गए।
नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश ने बताया कि नगर पालिका के इतिहास में पहली बार शुरू की गई रात्रि सफाई सेवा को लोगों का अच्छा सहयोग मिला है और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
मौके पर यातायात थानाध्यक्ष राकेश कुमार, साक्षी प्रसाद, वार्ड पार्षद धीरज कुमार शर्मा, गौतम कुमार, रविशंकर प्रसाद, सुरेन्द्र प्रसाद, रणजीत कुमार दास, मनोज कुमार जायसवाल, अमित गुंजन, प्रदीप साह, राहुल कुमार, शिव शंभू कुमार, शैलेश कुमार, मो. सैयूम, शशिकांत मिश्रा, विश्वनाथ महतो, अजय कुमार पोद्दार, मृत्युंजय कुमार, कमलेश कुमार कमल समेत अन्य मौजूद रहे।