विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर के सिंघिया और हसनपुर में खुलेंगी ब्लड कलेक्शन यूनिट, गंभीर मरीजों को मिलेगी राहत

Published: Sun, 30 Aug 2026 04:44 AM (IST)

Bihar Saat Nishchay Health: समस्तीपुर के सिंघिया और हसनपुर सीएचसी में रक्त संग्रहण इकाइयां स्थापित की जा रही हैं, जिससे ...और पढ़ें

इन केंद्रों को चालू करने के लिए आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों की आपूर्ति की कवायद जारी है। प्रतीकात्मक फोटो

इन केंद्रों को चालू करने के लिए आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों की आपूर्ति की कवायद जारी है। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. सिंघिया और हसनपुर सीएचसी में रक्त संग्रहण इकाइयां स्थापित।

  2. रेड क्रॉस सोसाइटी में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट भी।

  3. स्थानीय स्तर पर रक्त उपलब्धता से मरीजों को मिलेगी राहत।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur Blood Collection Unit: बिहार सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत समस्तीपुर जिले के दो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में रक्त संग्रहण इकाई स्थापित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

यह सुविधा सिंघिया और हसनपुर सीएचसी में शुरू की जा रही है, जिसके क्रियाशील होने से स्थानीय स्तर पर जरूरतमंदों को रक्त मिलना आसान होगा। इन केंद्रों को चालू करने के लिए आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों की आपूर्ति की कवायद जारी है।

उपकरणों की आपूर्ति प्रक्रिया

राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पांडेय ने इस संबंध में बीएमएसआइसीएल के प्रबंध निदेशक को पत्र जारी कर दिया है। इसके तहत चयनित दोनों केंद्रों के लिए ब्लड बैंक रेफ्रिजरेटर और इन्क्यूबेटर उपलब्ध कराए जाएंगे।

इसके साथ ही समस्तीपुर जिला रेडक्रास सोसाइटी में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट स्थापित करने की प्रक्रिया भी समानांतर रूप से चल रही है।

एक यूनिट से कई लाभ

जिले में अब तक ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, लेकिन इसके लिए आवश्यक उपकरणों की आपूर्ति पूरी हो चुकी है।

इस यूनिट के माध्यम से पूरे रक्त को लाल रक्त कोशिकाओं, प्लेटलेट्स और प्लाज्मा जैसे घटकों में आसानी से विभाजित किया जा सकेगा। इस तकनीक से एक यूनिट रक्त का उपयोग अलग-अलग बीमारियों से जूझ रहे एक से अधिक मरीजों के उपचार में होगा।

रेफरल मामलों में कमी

सीएचसी स्तर पर रक्त की नियमित उपलब्धता होने से थैलेसीमिया, डेंगू, सड़क दुर्घटना, सर्जरी और जटिल प्रसव के मामलों में त्वरित मदद मिलेगी। अब आपात स्थिति में मरीजों को रक्त के लिए जिला अस्पताल या बड़े मेडिकल संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

प्रसव के दौरान महिलाओं को रक्त की कमी के कारण रेफर करने की मजबूरी खत्म होगी, जिससे मातृ मृत्यु दर को नियंत्रित किया जा सकेगा।

सुरक्षित स्टोरेज की व्यवस्था

रक्त संग्रहण इकाई स्थापित होने के बाद सीएचसी स्तर पर रक्त को वैज्ञानिक और निर्धारित तापमान पर पूरी तरह सुरक्षित रखा जा सकेगा। इससे ग्रामीण व प्रखंड स्तर पर आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को मजबूती मिलेगी और गंभीर मरीजों का गोल्डन आवर में इलाज संभव होगा।

स्वास्थ्य विभाग का मुख्य उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देकर जिले भर में सुरक्षित रक्त की उपलब्धता बनाए रखना है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंघिया और हसनपुर में रक्त संग्रहण इकाई शुरू होने से प्रखंड स्तर पर जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में काफी सुविधा होगी। थैलेसीमिया, डेंगू, सड़क दुर्घटना, सर्जरी और जटिल प्रसव जैसे मामलों में इसका सीधा लाभ मिलेगा। इससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।

-

डॉ. राजीव कुमार, सिविल सर्जन, समस्तीपुर