नेपाल से यूपी तक फैले ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश, समस्तीपुर में 12.5 लाख की हेरोइन जब्त
समस्तीपुर पुलिस ने नारकोटिक्स सेल की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 12.5 लाख रुपये की 60.3 ...और पढ़ें

समस्तीपुर में पुलिस की गिरफ्त में तस्कर।
HighLights
समस्तीपुर पुलिस ने तीन हेरोइन तस्करों को किया गिरफ्तार।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में 12.5 लाख रुपये की हेरोइन बरामद।
गिरोह के तार असम, यूपी, बिहार, नेपाल तक फैले।
संवाद सहयोगी, शाहपुर पटोरी (समस्तीपुर )। बिहार में समस्तीपुर जिले में पटोरी थाना पुलिस ने नारकोटिक्स सेल की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों के पास से 60.39 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12.5 लाख रुपये आंकी गई है। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि नारकोटिक्स सेल से सूचना मिली थी कि तस्करी से जुड़े कुछ लोग नंदिनी लगुनिया रेलवे स्टेशन पर उतरकर सड़क मार्ग से वैशाली जिले की ओर जाने वाले हैं।
सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया गया। एक टीम को शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन तथा दूसरी टीम को नंदिनी लगुनिया क्षेत्र में तैनात किया गया।
पुलिस ने नंदिनी लगुनियां के समीप निर्माणाधीन फोरलेन सड़क से तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों की पहचान वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के बिहवापुर निवासी गणेश कुमार, नावानगर निवासी राकेश कुमार तथा मथुरापुर निवासी राज कुमार ठाकुर की पत्नी पूनम देवी के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पांच डिब्बों में छिपाकर रखी गई 60.39 ग्राम हेरोइन, 2500 रुपये नगद तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन की कीमत करीब 12.5 लाख रुपये है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार तस्करों के तार असम, त्रिपुरा, बिहार, उत्तर प्रदेश तथा नेपाल तक फैले अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की बात सामने आई है।
इनके आपराधिक इतिहास का सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पूछताछ जारी है और उनकी निशानदेही पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है। गिरफ्तारी अभियान में अपर थानाध्यक्ष अंशु सिंह, निरंजन कुमार, धर्मवीर कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।