Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    समस्तीपुर में शादी समारोह के दौरान मालवाहक की चपेट में आई छात्रा की मौत, गांव में पसरा मातम

    Updated: Sat, 27 Jun 2026 04:40 PM (IST)

    Vibhutipur Accident: समस्तीपुर के विभूतिपुर में शादी समारोह के दौरान म्यूजिक सिस्टम लदे मालवाहक की चपेट में आने से पांचवीं कक्षा की छात्रा निभा कुमारी ...और पढ़ें

    मृतका निभा कुमारी की फाइल फोटो। सौ. स्वजन

    मृतका निभा कुमारी की फाइल फोटो। सौ. स्वजन 

    संवाद सहयोगी, विभूतिपुर (समस्तीपुर)। Samastipur Road Accident: थाना क्षेत्र के चोरा टभका पंचायत में शादी समारोह के दौरान म्यूजिक सिस्टम लदे मालवाहक की चपेट में गंभीर रूप से घायल हुई पांचवीं कक्षा की छात्रा की इलाज के दौरान पटना में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

    शादी समारोह के दौरान हादसा

    मृतका की पहचान चोरा टभका पंचायत के वार्ड संख्या दो स्थित मिश्रौलिया गांव निवासी रंजन कुमार रजक की 11 वर्षीय पुत्री निभा कुमारी के रूप में हुई है। वह पांचवीं कक्षा की छात्रा थी।

    बताया गया कि 25 जून को गांव में एक शादी समारोह के दौरान ब्रह्म-काली पूजा के लिए लोग पंचायत सरकार भवन के समीप ब्रह्मस्थान पर एकत्रित थे। इसी दौरान म्यूजिक सिस्टम से लदा मालवाहक वाहन आगे-पीछे किया जा रहा था। आरोप है कि चालक की लापरवाही के कारण छात्रा वाहन की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।

    पटना में इलाज के दौरान तोड़ा दम

    हादसे के बाद ग्रामीणों की मदद से घायल छात्रा को एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पटना रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान शुक्रवार शाम उसकी मौत हो गई।

    निभा अपने परिवार की दो बहनों में सबसे छोटी थी। उसकी मौत की खबर मिलते ही मां अमृता देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी घटना के बाद मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

    पुलिस ने वाहन जब्त किया

    हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने म्यूजिक सिस्टम लदे मालवाहक को रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

    खबरें और भी

    बताया जा रहा है कि घटना के बाद कुछ स्थानीय लोग मामले को पंचायत के माध्यम से सुलझाने का प्रयास कर रहे थे। हालांकि पुलिस की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

    थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।