समस्तीपुर के विभूतिपुर में पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, धान के खेत में मिला शव
समस्तीपुर के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसका शव धान के खेत में मिला, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जांच करते पुलिस अधिकारी। फोटो: जागरण
HighLights
विभूतिपुर में युवक की पीट-पीटकर हत्या की गई।
पुरानी रंजिश को लेकर हुई यह वारदात।
मृतक का शव धान के खेत में बरामद हुआ।
संवाद सहयोगी, विभूतिपुर (समस्तीपुर)। Vibhutipur Youth Murder: जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में रविवार रात पूर्व विवाद को लेकर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद शव को धान के खेत में फेंक दिया गया। सोमवार को मोबाइल बंद मिलने के बाद स्वजन और ग्रामीणों ने खोजबीन की तो युवक का शव खेत में मिला।
घटना सोना चौक और प्लस टू हाई स्कूल गंगौली के बीच की बताई गई है। मृतक की पहचान गंगौली मंदा वार्ड चार निवासी 45 वर्षीय भिखारी सदा के रूप में हुई है।
शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा के नेतृत्व में पहुंची पुलिस ने शव की स्थिति का बारीकी से अध्ययन किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
बताया गया कि भिखारी सदा किसी आवश्यक काम से घर से निकला था। देर शाम उसे सोना चौक पर देखा गया था। वहां से घर लौटने के दौरान घटनास्थल के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसे अपने कब्जे में ले लिया।
आरोप है कि अपराधियों ने उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए घसीटते हुए बगीचे की ओर ले जाया गया, लेकिन धान के खेत में ही शव छोड़कर आरोपित फरार हो गए।
स्वजन के अनुसार, भिखारी सदा का किसी व्यक्ति से पहले से विवाद चल रहा था। विवाद काफी बढ़ गया था। उस समय पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई थी और समझौता कराने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया था।
ऑन स्पॉट दारोगा विशाल प्रताप सिंह ने बताया कि प्लस टू हाई स्कूल गंगौली के समीप से पुलिस ने लावारिस अवस्था में एक बाइक जब्त की है।
पुलिस बाइक के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। शव को कब्जे में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

