विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नारायणी और गंगा-अम्बिका भवानी पथ से बदलेगी सारण की तस्वीर; कैबिनेट ने दो अहम प्रोजेक्‍ट को दी मंजूरी

Published: Thu, 30 Apr 2026 08:00 AM (IST)

बिहार कैबिनेट ने सारण जिले के विकास के लिए 'नारायणी पथ' और 'गंगा-अम्बिका भवानी पथ' नामक दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं ...और पढ़ें

सारण में दो सड़क परियोजनाओं को मंजूरी। प्रतीकात्‍मक फोटो

सारण में दो सड़क परियोजनाओं को मंजूरी। प्रतीकात्‍मक फोटो

HighLights

  1. सारण में दो नई सड़क परियोजनाओं को कैबिनेट मंजूरी।

  2. नारायणी पथ और गंगा-अम्बिका भवानी पथ बनेंगे।

  3. क्षेत्रीय संपर्क, पर्यटन, अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा।

जागरण संवाददाता, छपरा। सारण जिले के विकास को नई दिशा देने के लिए बिहार कैबिनेट ने दो अहम सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है।

अब पूर्व में प्रस्तावित बाकरपुर–डुमरिया घाट पथ को ‘नारायणी पथ’ और उत्तरी गंगा पथ को ‘गंगा-अम्बिका भवानी पथ’ के रूप में विकसित किया जाएगा।

इन परियोजनाओं को क्षेत्रीय संपर्क, धार्मिक पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और विकास को मिलेगा नया आयाम

सांसद राजीव प्रताप रुडी ने इन परियोजनाओं को अपने प्रयासों और राज्य सरकार के सहयोग का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि ‘गंगा-अम्बिका भवानी पथ’ नारायणी तट से आमी मंदिर तक क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करेगा। 

इससे धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। वहीं ‘नारायणी पथ’ कोनहुआ से गोपालगंज तक उच्च स्तरीय सड़क सुविधा उपलब्ध कराएगा, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा।

व्यापार, पर्यटन और निवेश को मिलेगा बढ़ावा

इन दोनों सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों, पर्यटन और निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे। स्थानीय अर्थव्यवस्था को इससे मजबूत आधार मिलने की उम्मीद है।

सांसद ने जताया आभार

सांसद राजीव प्रताप रुडी ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन योजनाओं से सारण जिले को विकास की नई पहचान मिलेगी।

उन्होंने भरोसा जताया कि इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्रीय विकास की रफ्तार और तेज होगी।