ड्यूटी पर पटना जा रहे डॉक्टर की बाइक में स्कूटी ने मारी टक्कर, सड़क पर पड़े मिले; पत्रकार ने 112 की मदद से बचाई जान
मशरक, सारण में एनएच-227ए पर एक सड़क दुर्घटना में महावीर कैंसर संस्थान के चिकित्सक डॉ. हरीश गंभीर रूप से घायल ...और पढ़ें

घायल डॉक्टर को अस्पताल ले जाते लोग। जागरण
HighLights
डॉ. हरीश मशरक में सड़क दुर्घटना में गंभीर घायल।
पत्रकार प्रकाश सिंह और 112 टीम ने मदद की।
प्राथमिक उपचार के बाद छपरा सदर अस्पताल रेफर।
संवाद सूत्र, मशरक (सारण)। एनएच-227ए राम जानकी पथ पर महादेवा ब्रह्मस्थान के समीप शनिवार की देर रात सड़क दुर्घटना में महावीर कैंसर संस्थान, पटना के चिकित्सक डॉ. हरीश गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद सड़क पर घायल अवस्था में पड़े चिकित्सक को स्थानीय दैनिक जागरण के पत्रकार प्रकाश सिंह और 112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मशरक पहुंचाया।
बाइक से जा रहे थे पटना
वहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। बताया जाता है कि पूर्वी चंपारण जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी डॉ. हरीश, महावीर कैंसर संस्थान पटना में चिकित्सक के पद पर कार्यरत हैं।
वह बाइक से मशरक के रास्ते पटना ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान महादेवा ब्रह्मस्थान के पास एक स्कूटी सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
दुर्घटना में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दैनिक जागरण के पत्रकार प्रकाश सिंह ने घायल चिकित्सक की स्थिति को देखते हुए तत्काल 112 टीम और पुलिस को सूचना दी और उनकी मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
गंभीर हालत में किए गए रेफर
समय पर अस्पताल पहुंचने और प्राथमिक उपचार मिलने से चिकित्सक की जान बच सकी। सीएचसी मशरक में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अनंत नारायण कश्यप ने घायल का प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सक की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि घायल चिकित्सक को समय रहते अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
समय पर मदद और त्वरित अस्पताल पहुंचाने से एक चिकित्सक की जिंदगी बचाने में पत्रकार और 112 टीम की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
