Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार पुलिस भर्ती में शीतलपुर की मजदूर की बेटियों का कमाल, एक ही पंचायत से 6 अभ्यर्थियों ने पाई सफलता

    Updated: Thu, 28 May 2026 04:54 PM (IST)

    सारण जिले की शीतलपुर पंचायत से 6 युवाओं ने बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है, जिनमें 4 बेटियां शामिल हैं। ...और पढ़ें

    चार बेटियों समेत कुल छह अभ्यर्थियों का चयन

    चार बेटियों समेत कुल छह अभ्यर्थियों का चयन

    HighLights

    1. शीतलपुर पंचायत के 6 अभ्यर्थी बिहार पुलिस में चयनित।

    2. इनमें 4 बेटियां शामिल, साधारण परिवारों से आती हैं।

    3. कठिन परिश्रम और सही मार्गदर्शन से मिली सफलता।

    जागरण संवाददाता, शीतलपुर(सारण)। सारण जिले के दिघवारा प्रखंड की शीतलपुर पंचायत ने नई मिसाल कायम की है।बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में यहां की बेटियों ने शानदार सफलता हासिल की। एक ही पंचायत की चार बेटियों समेत कुल छह अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।

    सफलता की खबर मिलते ही गांव में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया है। हर तरफ सफल अभ्यर्थियों की मेहनत और संघर्ष की चर्चा हो रही है।

    इन बेटियों और युवाओं ने पाई सफलता

    बाबूटोला गांव की गरिमा कुमारी ने सफलता हासिल कर परिवार का नाम रोशन किया। उसी गांव की अंजली कुमारी भी बिहार पुलिस में चयनित हुई हैं।

    शीतलपुर डीह की खुशबू कुमारी ने भी परीक्षा में सफलता प्राप्त की। शीतलपुर बाजार की मनीषा कुमारी का चयन होने से परिवार में खुशी है।

    कनकपुर गांव की आरती कुमारी और चैनपुर के उज्ज्वल कुमार सिंह भी सफल हुए। एक साथ छह युवाओं की सफलता से पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल है।

    आर्थिक तंगी के बीच मेहनत से हासिल की मंजिल

    ग्रामीणों के अनुसार अधिकांश सफल अभ्यर्थी साधारण परिवारों से आते हैं। कई अभ्यर्थियों के परिवार मजदूरी और छोटे काम करके जीवन चलाते हैं।

    सीमित संसाधनों के बावजूद युवाओं ने पढ़ाई से समझौता नहीं किया। कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।

    बेटियों की यह सफलता अब गांव की अन्य लड़कियों के लिए प्रेरणा बन गई है। ग्रामीण परिवेश में शिक्षा और प्रतियोगी तैयारी को नया उत्साह मिला है।

    इस सफलता में शिक्षक और वार्ड सदस्य बमबम सिंह की बड़ी भूमिका रही। उनके कैरियर मेकर संस्थान में युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है।

    ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को लगातार मार्गदर्शन और अभ्यास कराया जा रहा है। वर्ष 2023 में यहां से आठ अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की थी।

    वर्ष 2024 में 12 और वर्ष 2025 में 20 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं इन सफल अभ्यर्थियों में बड़ी संख्या बेटियों की रही है।

    ग्रामीणों ने दी बधाई, बेटियां बनीं प्रेरणा

    सफलता के बाद गांव में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। ग्रामीणों ने अभ्यर्थियों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं।

    लोगों का कहना है कि मेहनत और सही मार्गदर्शन से सफलता संभव है। बेटियों की उपलब्धि ने पूरे पंचायत का सम्मान बढ़ाया है।

    अब अन्य छात्र-छात्राएं भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित हो रहे हैं। शीतलपुर पंचायत की यह सफलता इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।