सारण में टाउनशिप और एयरपोर्ट प्रोजेक्ट के लिए जमीन बिक्री पर रोक से ग्रामीण परेशान, आर्थिक संकट गहराया
दरियापुर के हरदिया चवर क्षेत्र में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट और सैटेलाइट टाउनशिप के लिए जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक से ग्रामीण परेशान हैं। ...और पढ़ें

सारण जिले में एयरपोर्ट परियोजना के लिए जमीन बिक्री पर रोक से ग्रामीण परेशान (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, दरियापुर (सारण)। प्रखंड के हरदिया चवर क्षेत्र में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट और सैटेलाइट टाउनशिप निर्माण को लेकर जमीन की खरीद-बिक्री तथा भवन निर्माण पर लगी रोक अब स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है। क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीण आर्थिक, सामाजिक और मानसिक परेशानियों से जूझ रहे हैं।
सरकार द्वारा प्रस्तावित परियोजना के तहत हरदिया चवर क्षेत्र के ककड़ा चिलाव, मगरपाल, टरवा मगरपाल, दरबेसा, मनपुरा, सरैया, सरनारायण, दरिहारा, बेलहर, बारवे, टरवा, अकीलपुर, बजहिया और सामनचक सहित कई गांवों को अधिसूचित क्षेत्र में शामिल किया गया है। इसके बाद से जमीन की बिक्री और नए निर्माण कार्यों पर रोक लगा दी गई है।
ग्रामीणों के सामने खड़ा हुआ संकट
ग्रामीणों का कहना है कि इस फैसले के कारण वे अपनी ही जमीन का उपयोग जरूरत के समय नहीं कर पा रहे हैं। बीमारी, शादी-विवाह, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी कार्यों के लिए लोग जमीन बेचकर आर्थिक व्यवस्था करते थे, लेकिन रोक लगने के बाद अब उनके सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
किसान नेता चंद्रकांत नारायण राय ने कहा कि सरकार की इस नीति से हरदिया चवर क्षेत्र के लोगों की आर्थिक स्वतंत्रता प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि संपत्ति संकट के समय सहारा बनती है, लेकिन वर्तमान स्थिति में लोग अपनी जमीन होने के बावजूद उसका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।
खबरें और भी
वहीं, किसान प्रमोद कुमार राय ने कहा कि गरीब परिवारों के लिए बेटियों की शादी और गंभीर बीमारियों का इलाज कराना मुश्किल हो गया है। जरूरत पड़ने पर भी लोग जमीन बेचकर पैसे की व्यवस्था नहीं कर पा रहे हैं।
क्या बोले जिला परिषद सदस्य?
जिला परिषद सदस्य गोलोक बिहारी शरण सिन्हा ने सरकार से इस रोक पर पुनर्विचार करने की मांग की है।उन्होंने कहा कि किसानों और ग्रामीणों को विशेष परिस्थितियों में अपनी जमीन बेचने की अनुमति मिलनी चाहिए, ताकि वे आर्थिक परेशानियों से बाहर निकल सकें।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आने वाले दिनों में लोगों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।
यह भी पढ़ें- बिहार में अर्बन डेवलपमेंट पर फोकस, सैटेलाइट टाउनशिप से मेट्रो तक; CM सम्राट चौधरी के बड़े निर्देश
यह भी पढ़ें- 11 जिलों के किसानों के लिए खुशखबरी: जमीन देकर बनेंगे हिस्सेदार; टाउनशिप में मिलेगा घर और मुनाफा