Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार के इस गांव में तालाब की हुई शादी; शिव-पार्वती स्थापना के साथ दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

    Updated: Wed, 01 Jul 2026 03:48 PM (IST)

    बिहार के सारण जिले के जलालपुर प्रखंड के जूरन छपरा गांव में एक नवनिर्मित सरोवर का वैदिक रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराया गया। यह अनूठा आयोजन पर्यावरण स ...और पढ़ें

    सरोवर विवाह के दौरान पवित्र जाट को ले जाते पंड‍ित व ग्रामीण। जागरण

    सरोवर विवाह के दौरान पवित्र जाट को ले जाते पंड‍ित व ग्रामीण। जागरण

    HighLights

    1. नवनिर्मित सरोवर का वैदिक रीति-रिवाज से विवाह संपन्न।

    2. पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों के बचाव का संदेश।

    3. सरोवर में जलीय जीव छोड़े, शिव-पार्वती की स्थापना।

    संवाद सहयोगी, जलालपुर (सारण)। जलालपुर प्रखंड की किशुनपुर पंचायत स्थित जूरन छपरा गांव में बुधवार को पर्यावरण संरक्षण और भारतीय परंपरा का अनोखा संगम देखने को मिला।

    यहां नवनिर्मित सरोवर का वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के साथ विवाह संपन्न कराया गया। इस अनूठे आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प लिया। 

    किशुनपुर पंचायत की मुखिया रामवती देवी की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में आचार्य मधुसूदन दूबे ने सभी वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराए।

    धार्मिक अनुष्‍ठानों के बीच शिव-पार्वती की स्‍थापना 

    विवाह के अवसर पर सरोवर में मछलियां, कछुए तथा अन्य जलीय जीव छोड़े गए, ताकि जलाशय का प्राकृतिक संतुलन और जैव विविधता बनी रहे।

    साथ ही सरोवर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों के तहत भगवान शिव-पार्वती की स्थापना भी की गई। आचार्य मधुसूदन दूबे ने बताया कि भारतीय संस्कृति में नदी, तालाब और कुओं को जीवनदायिनी मानकर उनका पूजन करने की परंपरा रही है।

    पूर्व में नए जल स्रोतों के निर्माण पर उनके विवाह जैसे आयोजन किए जाते थे, जिससे लोगों में संरक्षण की भावना विकसित होती थी।

    पर्यावरण संरक्षण का उदाहरण 

    मुखिया संघ के अध्यक्ष तारकेश्वर सिंह ने कहा कि यह सरोवर क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बन गया है और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।

    कार्यक्रम के यजमान रंजीत सिंह एवं जगती देवी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर ब्राह्मणों को दान-दक्षिणा दी। आयोजन के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।